निवेश के नाम पर 18 लाख की साइबर ठगी: फर्जी ENAM पोर्टल पर दिखाया मुनाफा, विदड्रॉल रोककर मांगी 3.8 करोड़ की ‘क्लीयरेंस’ फीस
आगरा। साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। थाना दयालबाग क्षेत्र के निवासी संजय चोपड़ा ने साइबर क्राइम थाना आगरा में शिकायत दर्ज कराई है कि उनसे निवेश का झांसा देकर 18 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई। पीड़ित ने बताया कि उन्हें व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से ENAM कंपनी के नाम पर निवेश का प्रस्ताव मिला था, जिसके बाद एक महिला ने वेल्थ ब्रोकर बनकर संपर्क किया।
Qव्हाट्सऐप ग्रुप से संपर्क, फर्जी SEBI नंबर दिखाकर बढ़ाया भरोसा
पीडित के अनुसार, वह एक व्हाट्सऐप ग्रुप में जुड़े, जहां से खुद को ब्रोकरेज कंपनी ENAM की प्रतिनिधि बताने वाली साक्षी गुप्ता नाम की महिला उनसे संपर्क में आई। उसने बातचीत के लिए तीन मोबाइल नंबर दिए.
SEBI नंबर मांगने पर उसने INP000000225 नंबर बताकर भरोसा बढ़ाया।
फर्जी पोर्टल enamainy.cc पर दिखाया मुनाफा
पीड़ित ने बताया कि 14 सितंबर से 13 अक्टूबर 2025 तक आरोपियों के बताए बैंक खातों में 18 लाख रुपये जमा कराए।
ठगों ने निवेश की निगरानी के लिए enamainy.cc नाम की वेबसाइट लिंक भेजी। पोर्टल पर लगातार मुनाफा दिखाया जा रहा था।लेकिन जब पीड़ित ने धन निकालने का प्रयास किया, तो ‘IPO लेट पेमेंट’ का हवाला देकर विदड्रॉल रोक दिया गया।
3.8 करोड़ के IPO का फर्जी आवंटन दिखाकर फंसाया
कई बार आग्रह करने पर ठगों ने कहा कि वे पीड़ित का ‘क्रेडिट स्कोर’ ठीक कर देंगे। कुछ समय बाद पोर्टल पर अचानक 3.8 करोड़ रुपये का IPO आवंटन दिखा दिया गया और कहा गया कि जब तक यह ‘अतिरिक्त आवंटन’ क्लियर नहीं होगा, तब तक कोई राशि नहीं निकाली जा सकती।
पीड़ित को शक, बताया—यह पूर्णतः साइबर फ्रॉड
संजय चोपड़ा ने कहा कि संबंधित वेबसाइट और कंपनी संदिग्ध प्रतीत होती है तथा यह एक संगठित साइबर फ्रॉड का हिस्सा हो सकती है। उन्होंने पुलिस से राशि की रिकवरी और कठोर कार्रवाई की मांग की है।साइबर क्राइम पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और बैंक खातों व डिजिटल ट्रेल की जांच शुरू कर दी है।
