खंदौली पुलिस मुठभेड़:: 60 वर्षीय महिला से दुष्कर्म करने वाला आरोपी सोनू पुलिस फायरिंग में घायल, साथी फरार
आगरा | खंदौली थाना क्षेत्र में शनिवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 60 वर्षीय महिला से दुष्कर्म करने वाला आरोपी सोनू उर्फ चुंदा, निवासी खेड़ी बगिया, गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
एसीपी एत्मादपुर देवेश कुमार ने बताया कि थाना खंदौली पुलिस को सूचना मिली थी कि एक 60 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म की घटना हुई है। जांच में सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया, जिन्होंने जानकारी दी कि आरोपी अपने साथी के साथ यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे ग्राम नेकपुर पुल के पास किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में बैठा है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, तभी बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें सोनू के पैर में गोली लग गई।
एसीपी ने बताया कि घायल आरोपी को इलाज के लिए सीएचसी खंदौली भेजा गया है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।
