विधवा ने जीजा पर 7 साल से छेड़छाड़ और धमकी का लगाया आरोप,: आरोपी बोला—‘मैं वरिष्ठ पत्रकार हूं, DM-कमिश्नर भी कुछ नहीं कर सकते’
आगरा। थाना हरी पर्वत क्षेत्र में एक विधवा महिला ने अपने जीजा अनुज शर्मा पर पिछले सात वर्षों से लगातार यौन उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि अनुज शर्मा खुद को “वरिष्ठ पत्रकार” बताकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से न डरने की धमकी देता था।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अनुज शर्मा, उसकी पत्नी पूनम उपाध्याय, और रिश्तेदार आशीष गौर (निवासी ओल, मथुरा) के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला के मुताबिक, अनुज शर्मा कई सालों से जब-तब उसके घर आकर गलत हरकतें करता था। विरोध करने पर वह उसे और उसके परिवार को बर्बाद करने की धमकी देता। पीड़िता ने बताया कि अनुज ने एक बार अपनी पत्नी पूनम उपाध्याय के सामने ही उसके साथ अशोभनीय व्यवहार किया और बोला—“मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकते, मैं वरिष्ठ पत्रकार हूं, बड़े-बड़े मंत्री मुझसे जुड़े हैं।”
पीड़िता ने अपनी बहनों और जीजा पर मिलकर धमकाने, मारपीट करने और तेजाब फेंकने की धमकी देने के भी आरोप लगाए हैं। एक घटना में उसने बताया कि उसने 112 पर कॉल की, जिसके बाद आरोपी पक्ष ने उसका फोन छीन लिया और मारपीट की।
महिला का कहना है कि समाज और परिवार की इज्जत के कारण वह इतने वर्षों तक चुप रही, लेकिन अब उसे अपनी बेटी की सुरक्षा को लेकर डर है। इस डर के चलते उसने आखिरकार पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
