8 वर्षीय बच्ची से बैड टच का आरोप,: पीड़ित परिवार को आरोपियों ने दी धमकी
आगरा। शास्त्रीपुरम क्षेत्र के निखिल एन्कलेव में एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है, जहाँ एक 8 वर्षीय बच्ची के साथ कथित रूप से बैड टच किए जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता की मां ने थाना सिकंदरा में शिकायत की जिसके बाद थाना पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किया गया है।
पीड़िता की मां के अनुसार, उनकी बेटी ने बीती शाम अपने साथ हुए आपत्तिजनक व्यवहार की जानकारी दी। बच्ची ने बताया कि यह घटना मकान नंबर 25 में काम करने वाले युवक से जुड़ी है, जो ब्रजमोहन भदौरिया के यहाँ कार्यरत था। जब इस संबंध में बातचीत की गई, तो आरोपी ने आरोपों से इनकार कर दिया।
इसके बाद आरोप है कि ब्रजमोहन भदौरिया और उनके बेटे अन्नू सिंह भदौरिया ने पीड़ित परिवार के घर में घुसकर गाली-गलौज की, मारपीट करने की कोशिश की और कॉलोनी में बदनाम किया। साथ ही परिवार को घर में रहने पर गंभीर धमकी भी दी गई।
पीड़िता की मां ने बताया कि उनके पति बाहर रहते हैं और वह अपने ससुर के साथ अकेली रहती हैं, जिससे परिवार में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
