अपराध

हाईवे पर स्कूटी सवार बदमाशों ने एनआरआई महिला से 4000 डॉलर लूटे,: कार रोककर की वारदात,दिल्ली एयरपोर्ट जा रही थी बेटी के साथ

0
IMG-20251204-WA0091

आगरा। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में शाहदरा फ्लाईओवर के पास शनिवार शाम स्कूटी सवार दो बदमाशों ने एनआरआई महिला को निशाना बनाते हुए 4000 अमेरिकी डॉलर, मोबाइल और महत्वपूर्ण दस्तावेज से भरा पर्स लूट लिया। घटना उस समय हुई जब पीड़िता की कार पंचर होने का झांसा देकर बदमाशों ने उसे रुकवाया। वारदात के समय पीड़िता अपनी बेटी के साथ दिल्ली एयरपोर्ट के लिए निकली थीं।

 कैसे हुई वारदात

परिवार के अनुसार पीड़िता, जो लंबे समय से केन्या में रहती हैं, अपने बेटों और परिवार से मिलने आगरा आई थीं। शनिवार शाम को शाहदरा फ्लाईओवर उतरते समय अचानक स्कूटी पर आए दो युवक कार के पास आए और पंचर होने का इशारा करके वाहन को रुकवा लिया।
जैसे ही कार धीमी हुई, बदमाशों ने खिड़की के पास पहुंचकर पर्स छीन लिया और तेज़ी से फरार हो गए। पर्स में 4000 डॉलर, महत्वपूर्ण दस्तावेज और मोबाइल फोन रखा हुआ था।

परिवार में दहशत

पीड़िता और उनकी बेटी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। परिवार ने बताया कि पीड़िता अपने दिवंगत पति के श्राद्ध कार्य के लिए भारत आई थीं और अगले ही दिन विदेश लौटने वाली थीं। ऐसे में डॉलर और पासपोर्ट सहित दस्तावेज़ों का खो जाना बड़ी परेशानी बन गया है।

 होटल से एयरपोर्ट की ओर जा रहा था परिवार

पीड़िता की बेटी ने बताया कि वे आगरा के एक होटल में ठहरे थे और रविवार सुबह दिल्ली से फ्लाइट पकड़ने वाली थीं। शाम करीब 6:30 बजे जैसे ही कार शाहदरा नाले के पास पहुंची, स्कूटी सवार युवकों ने वारदात को अंजाम दे दिया।

मौके पर पुलिस दिखाई नहीं दी

स्थानीय लोगों और पीड़िता का कहना है कि हाईवे पर अक्सर लूट की घटनाएं होती हैं, बावजूद इसके पुलिस गश्त नदारद रहती है। घटना के तुरंत बाद भी कोई पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद नहीं मिला।
पीड़िता की बेटी ने आरोप लगाया कि हाईवे पर पर्याप्त सुरक्षा न होने के कारण बाहरी राज्यों और विदेशी पर्यटक लगातार अपराधियों का शिकार हो रहे हैं।

पुलिस की जांच शुरू

सूचना मिलने पर थाना ट्रांस यमुना पुलिस हरकत में आई और आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल दोनों युवकों की पहचान जल्द की जाएगी और गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed