बाइक चोरी की झूठी रिपोर्ट कर बीमा क्लेम वसूला: खुद बाइक चलाते हुए पकड़ा गया , बीमा कम्पनी ने कराया मुकदमा
आगरा:सिकंदरा थाना क्षेत्र में बीमा कंपनी से धोखाधड़ी का एक अनोखा मामला सामने आया है। एक युवक ने अपनी बाइक चोरी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई, फिर बीमा क्लेम लेकर रकम वसूल ली। लेकिन कुछ समय बाद जब वह खुद उसी बाइक को चलाते हुए मिला, तो बीमा कंपनी ने उसकी सच्चाई उजागर कर दी। अब आरोपी के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज किया है।
क्या है पूरा मामला
गो डिजिट जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड के विधिक दावे और जांच प्रबंधक मोहन पांडेय ने सिकंदरा थाने में शिकायत दी।
शिकायत के मुताबिक, अछनेरा निवासी एक युवक ने अपनी रॉयल एनफील्ड बुलेट बाइक चोरी होने की सूचना पुलिस को दी और बीमा कंपनी से चोरी का दावा कर रकम प्राप्त कर ली।
बाइक लोन पर थी, इसलिए कंपनी ने नियमों के तहत बैंक को राशि का भुगतान कर दिया और वाहन मालिक से शर्तनामा (Subrogation Bond) भी ले लिया, जिसमें तय था कि अगर बाइक बरामद होती है, तो उस पर बीमा कंपनी का अधिकार रहेगा।
कंपनी को ऐसे हुआ शक
कुछ महीनों बाद कंपनी को पता चला कि वही बाइक पुलिस के कब्जे में है और उसे उसी व्यक्ति के पास से बरामद किया गया है जिसने चोरी की रिपोर्ट कराई थी।
जांच में खुलासा हुआ कि बाइक कभी चोरी हुई ही नहीं थी और वाहन मालिक ने पुलिस व बीमा कंपनी दोनों को गुमराह कर क्लेम हासिल किया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
बीमा कंपनी की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित युवक के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
