दु:साहस- युवती का दो शोहदों ने किया पीछा: राहगीर की मदद से बची; पुलिस CCTV खंगाल रही
आगरा। रुई की मंडी रेलवे फाटक से ईदगाह चौराहा तक एक 18 वर्षीय युवती का दो शोहदों ने पीछा किया। करीब डेढ़ किलोमीटर तक चली इस वारदात में युवती ने हिम्मत और सूझबूझ दिखाते हुए राहगीर से मदद ली और खुद को सुरक्षित किया। भीड़ जुटने पर शोहदे मौके से भाग निकले।
स्कूटी रोककर घेरने का प्रयास
जानकारी के अनुसार, युवती जैसे ही रुई मंडी फाटक के पास पहुंची, दो युवक उसका पीछा करते हुए स्कूटी के आगे बाइक लगाकर उसे रोकने की कोशिश करने लगे। खतरा महसूस होते ही युवती ने पास से गुजर रहे बाइक सवार युवक को रोककर मदद मांगी।
राहगीर ने निभाई जिम्मेदारी
युवक ने युवती को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया और शोर मचाया। आवाज सुनकर लोग मौके पर जुट गए। भीड़ ने एक आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन दोनों वहां से फरार हो गए। मददगार युवक युवती को ईदगाह चौराहा ले गया, जहां उसने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को घटना की जानकारी दी।
112 पर कॉल, मौके पर पहुंची पुलिस
इस दौरान एक राहगीर ने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दी। पीआरवी कुछ ही देर में पहुंच गई। युवती ने बताया कि कुछ युवक उसका पीछा कर रहे थे और रास्ता रोकने की कोशिश कर रहे थे।
CCTV फुटेज की जांच, दबिश जारी
थाना सदर पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। रुई मंडी रेलवे फाटक से ईदगाह चौराहा तक लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों अफजल और आदिल की तलाश में उनके क्वार्टर व अन्य ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुराना रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
दोनों युवक सोमवार रात से घर नहीं पहुंचे। पुलिस यह भी पड़ताल कर रही है कि उनका कोई आपराधिक इतिहास तो नहीं है। उधर, युवती को सुरक्षित उसके घर भेज दिया गया है।
