एत्मादपुर थाना वायरल ऑडियो विवाद:: जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी, महिला उपनिरीक्षक की भूमिका संदिग्ध
आगरा : थाना एत्मादपुर में दर्ज एक मामले से जुड़े वायरल ऑडियो ने पुलिस में हड़कंप मचा दिया है। ऑडियो में वादीया और जांच अधिकारी की बातचीत सुनकर ऐसा लग रहा है कि मामले की जांच सही तरीके से नहीं की गई। इसी कारण अब इस पूरे मामले की जांच क्राइम ब्रांच को दे दी गई है।
जानकारी के अनुसार वादीया और दूसरे पक्ष के बीच पहले से ही विवाद चला आ रहा है। इसी विवाद में वादीया ने छह लोगों पर मारपीट और धमकी का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस जांच में चार आरोपितों का दोष साबित नहीं हुआ, इसलिए उन्हें हटा दिया गया। इसी बीच जांच अधिकारी का वादीया से जुड़ा एक कथित ऑडियो वायरल हो गया, जिसमें गंभीर आरोप सुनाई देते हैं।
ऑडियो सामने आने के बाद पुलिस कमिश्नरेट ने तुरंत कार्रवाई की और जांच अधिकारी की भूमिका पर भी सवाल उठाए। तकनीकी साक्ष्यों और रिकॉर्ड की फिर से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, चाहे वह अधिकारी हो या कोई और, उसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
फिलहाल क्राइम ब्रांच जांच कर रही है और जल्द ही सच सामने आने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि किसी भी तरह का दबाव या गलती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
