महिला से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग,: अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी, कई आरोपी नामजद
आगरा :थाना सिकन्दरा क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने पति के साथ थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पीड़िता के अनुसार, मोहल्ले का ही युवक विशाल निवासी सिकन्दरा उसे फोन कर लंबे समय से परेशान कर रहा था। आरोप है कि 29 मार्च 2025 की रात करीब 11 बजे, जब पीड़िता के पति राजस्थान में कैला देवी माता के दर्शन के लिए गए हुए थे, तभी आरोपी विशाल जबरन घर में घुस आया और महिला के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद विशाल लगातार उसे ब्लैकमेल करता रहा और अपने दोस्तों सचिन तथा शिमरन निवासी सिकन्दरा के साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा। इंकार करने पर आरोपियों ने पीड़िता की अश्लील वीडियो बनाकर उसे नहनू उर्फ सोनू और शिवम (निवासी पीड़िता की ही बस्ती) को भेज दी।
पीड़िता ने बताया कि 16 दिसंबर 2025 की शाम करीब सात बजे आरोपी शिवम उसके घर पहुंचा और अश्लील वीडियो दिखाकर धमकी दी। इसके बाद पीड़िता ने सारी घटना अपने पति को बताई और दोनों थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस का कहना है कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
