ताजमहल टिकटिंग वेबसाइट का क्लोन आया सामने,: ₹30 में टिकट बेचने का दावा,पर्यटक हुए भ्रमित
आगरा, गोपाल शर्मा।विश्वप्रसिद्ध स्मारक ताजमहल की आधिकारिक ऑनलाइन टिकटिंग वेबसाइट का क्लोन वर्जन सामने आने से हड़कंप मच गया है। साइबर ठगों ने एक नकली वेबसाइट pilotasi.paygov.org.in तैयार की है, जो दिखने में ASI (Archaeological Survey of India) की असली वेबसाइट जैसी लगती है। इस फर्जी वेबसाइट पर ताजमहल की ₹45 और ₹245 की टिकट को मात्र ₹30 में बेचने का दावा किया जा रहा है।
इस भ्रामक वेबसाइट से कई पर्यटक भ्रमित हो गए और टिकट बुक करने की कोशिश करने लगे। जब उन्हें ईमेल या कन्फर्मेशन नहीं मिला, तब मामला अधिकारियों के संज्ञान में आया।
ASI अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि “उक्त क्लोन वेबसाइट पर किसी भी तरह की वास्तविक टिकट बुकिंग नहीं हो रही है।” अधिकारियों का कहना है कि यह मामला साइबर फ्रॉड या क्लोनिंग का प्रयास प्रतीत होता है, और इसकी जांच शुरू कर दी गई है।
ASI की आधिकारिक वेबसाइट केवल asi.pay.gov.in है। पर्यटकों को सलाह दी गई है कि वे टिकट केवल इसी अधिकृत पोर्टल या भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की मोबाइल ऐप के माध्यम से ही बुक करें।
फिलहाल, साइबर टीम और एएसआई अधिकारी इस बात की पड़ताल कर रहे हैं कि यह वेबसाइट कहां से संचालित की जा रही है और क्या इसमें किसी तरह की साइबर सेंध हुई है या नहीं।
