सपा पूर्व पार्षद सुनील राठौर पर धमकी और ₹20 लाख रंगदारी मांगने का आरोप;: पीड़ित संजीव गर्ग का वीडियो आया सामने
आगरा।शहर के दवा व्यवसायी संजीव कुमार गर्ग ने समाजवादी पार्टी के पूर्व पार्षद सुनील राठौर पर ₹20 लाख की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में 500 मीटर बाजार कमेटी के संस्थापक सहित अन्य लोगों के शामिल होने का भी दावा किया गया है। इस पूरे प्रकरण का एक वीडियो बयान भी सामने आया है, जिसमें संजीव गर्ग ने विस्तार से पूरी घटना बताई है।
वायरल वीडियो में पीड़ित ने सुनाई पूरी कहानी
संजीव गर्ग ने बताया कि:
हमारा भाइयों से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। विजयनगर में दिनेश राठौर के यहाँ फैसला हुआ। फैसले में मुझे दो प्रॉपर्टी और ₹80 लाख मिलने तय हुए। उस समय सपा के पूर्व पार्षद सुनील राठौर गवाह थे।
गर्ग के अनुसार, फैसला होते ही राठौर का व्यवहार अचानक बदल गया।
फैसले के बाद सुनील राठौर ने पुरानी मंडी चौराहे पर मुझे रास्ते में रोक लिया। उसने कहा—‘मुझे ₹20 लाख देना।’ उसने मुझे अपनी गाड़ी में बैठाकर दबाव बनाया।
संजीव गर्ग का कहना है कि उन्होंने राठौर को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना।
एक हफ्ते बाद इसके धमकी भरे फोन आना शुरू हो गए। 26 तारीख को इसने मुझे फोन पर धमकी दी—मेरे पास उसकी रिकॉर्डिंग है।
“दुकान पर आया, बाजार गवाह… कहा गोली चला दूँगा”
गर्ग के मुताबिक, सुनील राठौर कई बार उनकी दवा दुकान पर आकर खुलेआम धमकियाँ देता रहा।
दुकान पर आकर सबके सामने धमकी दी—गोली चला दूँगा अगर पैसे नहीं दिए।पूरा बाजार गवाह है।
हुई हद पार—गुंडे को साथ लाया, बेटे को सुपारी देने की धमकी!
वीडियो में संजीव गर्ग ने आज की घटना का जिक्र करते हुए कहा:
आज यह घर पर भी आया और दुकान पर भी, एक गुंडे को लेकर। मेरे बेटे से कहा—इस लड़के को ला, शक्ल दिखा, इसकी मैंने सुपारी दे दी है। आज रात तक ₹20 लाख नहीं दिए तो जान से मार दूँगा।
गर्ग ने बताया कि उनका परिवार इस समय बेहद दहशत में है।
500 मीटर बाजार कमेटी का संस्थापक भी मौजूद था
गर्ग ने आरोप लगाया कि कई मौकों पर पूर्व पार्षद के साथ 500 मीटर बाजार कमेटी का संस्थापक और अन्य व्यक्ति भी मौजूद थे, जिन्होंने मिलकर पैसों की मांग की।
प्रशासन से सुरक्षा और कड़ी कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने पुलिस और प्रशासन से सुरक्षा देने, आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने की अपील की है।
