अपराध

आगरा पुलिस ने 'मिशन शक्ति 5.0' के तहत दुष्कर्म और धमकी के आरोपी को किया गिरफ्तार: दिल्ली में कर रहा था सिक्योरिटी सुपरवाइजर के रूप में काम

0
IMG-20251014-WA0083

आगरा: पुलिस कमिश्नरेट आगरा की थाना एकता टीम ने ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शुभम यादव उर्फ एलेक्स यदुवंशी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर युवती से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देने और जबरन गर्भपात कराने का आरोप है।

वादिया ने पुलिस को बताया कि उसकी मुलाकात शुभम यादव से इंस्टीट्यूट ऑफ एयरहास्टेस ट्रेनिंग सेंटर में हुई थी और दोनों में दोस्ती हो गई थी। जुलाई 2024 में आरोपी ने वादिया को बहला-फुसलाकर होम स्टे पर ले जाकर नशीली कोल्डड्रिंक पिलाई और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान उसने आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए।

जब वादिया ने शिकायत करने की बात कही, तो शुभम ने शादी का झूठा वादा किया। आरोपी दिल्ली में सिक्योरिटी ऑफिसर के पद पर नौकरी करने लगा और वादिया उसके साथ रहने लगी। बाद में, वादिया के गर्भवती होने पर शुभम उसे आगरा में उसके पिता के घर छोड़ गया और दवाई देकर उसका गर्भपात करा दिया।

02 अक्टूबर 2025 को शुभम ने वादिया के माता-पिता को फोन कर धमकी दी कि वह शादी नहीं करेगा और यदि दबाव डाला गया तो उनकी बेटी के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल कर देगा।

पुलिस ने आरोपी की लोकेशन दिल्ली में पाई और 13 अक्टूबर 2025 को विजय विहार, रोहिणी, दिल्ली में स्थानीय पुलिस बल की मदद से उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

इस गिरफ्तारी से ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान में आगरा पुलिस की संवेदनशील और प्रभावी कार्रवाई का पुनः सबूत मिला है, और यह युवतियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed