UP STF ने किये छत्तीसगढ़ में SSC, GD, BSF भर्ती में फर्जी दस्तावेज से ठगी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार:
उत्तर प्रदेश एसटीएफ (UP STF) और स्थानीय पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। छत्तीसगढ़ में SSC, GD और BSF भर्ती के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर युवाओं से ठगी करने वाले दो शातिर ठगों को आगरा पुलिस और यूपी एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी नसीरपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से बड़ी संख्या में फर्जी जॉइनिंग लेटर, मार्कशीट, मुहरें और बैंक चेक बरामद किए हैं।
गिरफ्तारी की पूरी कार्रवाई
एसएसपी सौरभ दीक्षित के निर्देशन में और एएसपी ग्रामीण अनुज चौधरी की देखरेख में यूपी एसटीएफ इकाई आगरा और थाना नसीरपुर पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया। गुढ़ा चौराहा, थाना नसीरपुर से अभियुक्त प्रदीप कुमार पुत्र लायक सिंह, निवासी नगला चन्दा और चन्द्रवीर उर्फ छोटू पुत्र ब्रह्मदेव, निवासी गुढ़ा को गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
शिकायत के बाद बिछाया गया जाल
7 अक्टूबर को धौलपुर (राजस्थान) और आगरा के दो युवकों ने यूपी एसटीएफ आगरा इकाई में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि आरोपी प्रदीप और चन्द्रवीर BSF व SSC GD भर्ती में फर्जी जॉइनिंग लेटर देने के नाम पर उनसे मोटी रकम मांग रहे थे। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसटीएफ और पुलिस ने गुढ़ा चौराहा पर जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी काली स्प्लेंडर बाइक (बिना नंबर प्लेट) पर पहुंचे, उन्हें रंगेहाथ पकड़ लिया गया।
ग्रामीण युवकों को बनाते थे शिकार
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे ग्रामीण युवाओं को फर्जी भर्ती पत्र दिखाकर उन्हें सेना, बीएसएफ या जीडी में भर्ती कराने का झांसा देते थे। ऑनलाइन भर्ती परिणाम आने के बाद ये लोग वास्तविक पास अभ्यर्थियों के नाम से फर्जी मार्कशीट और जॉइनिंग लेटर तैयार करते थे। जब पीड़ित भर्ती केंद्र पर जाते, तो कागज देखकर अधिकारी उन्हें पकड़ लेते और वे डरकर शिकायत नहीं करते। इसके बाद आरोपी उन्हें ब्लैकमेल करके 10 लाख रुपये तक की ठगी कर लेते थे।
बरामद सामग्री
- प्रदीप कुमार से – 1 मोबाइल वीवो, ₹520 नकद, मुहर “तहसीलदार राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)”, 22 फर्जी प्रमाणपत्र व अन्य दस्तावेज।
- चन्द्रवीर उर्फ छोटू से – 1 मोबाइल वीवो, ₹510 नकद, मुहर “लोक सेवा केंद्र राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)”, 11 फर्जी कागजात।
- दोनों के पास से बिना नंबर की काली स्प्लेंडर बाइक और एक्सिस बैंक के खाली चेक भी बरामद हुए।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
इस कार्रवाई में निरीक्षक यतीन्द्र शर्मा (UP STF आगरा), प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह (थाना नसीरपुर), उप निरीक्षक अरविन्द सिंह, प्रशांत कुमार, अमित चौहान, विवेक कुमार, कांस्टेबल अरुण कुमार और सत्यवीर सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
