अज्ञात हमलावरों ने स्कूटी सवार सचिन शर्मा पर किया जानलेवा हमला: सिर मे धंसी हुई सुम्मी के साथ पीड़ित का video हुआ वायरल
आगरा। न्यू आदर्श नगर, बल्केश्वर निवासी सचिन शर्मा पर शुक्रवार की रात दो अज्ञात बाइक सवारों ने जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने और अस्पताल में उपचार के बावजूद प्रारम्भ में FIR दर्ज न होने पर पीड़ित ने पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट आगरा से न्याय की गुहार लगाई। बाद में पीड़ित की तहरीर पर थाना न्यू आगरा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
कैसे हुई वारदात
वारदात 21 नवंबर 2025 की रात करीब 9:15 बजे की है। सचिन शर्मा स्कूटी से अपने काम से घर लौट रहे थे। भगवान टाकीज फ्लाईओवर से अब्बू लाल दरगाह वाले कट के पास पहुँचते ही एक बाइक पर आए दो अज्ञात युवकों ने चलते वाहन पर उन पर लोहे की सुम्मी से वार कर दिया।
वार इतना जोरदार था कि सुम्मी सीधे उनके सिर में धँस गई और वे लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। हमला करने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
राहगीर ने बचाई जान, पुलिस पहुँची मौके पर
घटना के तुरंत बाद एक राहगीर ने सड़क पर गिरे घायल सचिन शर्मा को देखकर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। करीब 10 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुँची और घायल की स्थिति देखकर उन्हें अस्पताल जाने की सलाह दी।
अस्पताल में निकाली गई धँसी हुई सुम्मी
सचिन शर्मा को एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहाँ मौजूद डॉक्टर्स ने SHO और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में सिर में धँसी सुम्मी को बाहर निकाला।
उपकरण को पुलिस ने एक पारदर्शी जार में सुरक्षित कर अपने कब्जे में ले लिया।
थाना न्यू आगरा में दर्ज हुई FIR
पीड़ित सचिन शर्मा द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना न्यू आगरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब हमलावरों की तलाश में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खँगाल रही है।
