आगरा। निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में आगरा के बेसिक शिक्षा विभाग ने 15 शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों पर कार्रवाई की है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राकेश सिंह ने सभी का नवंबर 2026 का वेतन और मानदेय रोकने के आदेश जारी किए हैं।

यह कार्रवाई खेरागढ़, बाह और आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों से मिली शिकायतों और अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर की गई है। आरोप है कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 अभियान के दौरान कुछ कर्मचारी अपने बूथों पर अनुपस्थित रहे, जबकि कुछ ने घर-घर सर्वे और मतदाता सूची से जुड़े काम में लापरवाही बरती।

खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में छह कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है। इनमें मीनाक्षी, संतोष कुमार, सुनील भारती, गौरी, महेश चन्द और अनुदेशक राधा वर्मा शामिल हैं।

वहीं, बाह विधानसभा क्षेत्र में पांच कर्मचारियों का वेतन और मानदेय रोका गया है। इनमें शिक्षक अनिल, नीरज देवी, श्रीकान्त दुबे, बिजेन्द्र सिंह और इन्द्र कुमार शामिल हैं।

इसके अलावा आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में तीन शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इनमें मीना भारती, नीलम राव और सन्दर्भ सिंह शामिल हैं। इन पर बूथ से अनुपस्थित रहने का आरोप है। तीनों से दो दिन के अंदर जवाब मांगा गया है। साथ ही अग्रिम आदेश तक उनका नवंबर माह का वेतन भी रोक दिया गया है।

बीएसए ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि इन सभी का नवंबर माह का वेतन और मानदेय जारी न किया जाए। निर्वाचन कार्य में लापरवाही को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई से शिक्षकों और कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *