किशोरी से छेड़छाड़ और वसूली का आरोप,: तांत्रिक सहित तीन पर मुकदमा दर्ज
Agra.फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने कथित तांत्रिक पर अंधविश्वास के नाम पर किशोरी से छेड़छाड़ और रुपये ठगने का आरोप लगाते हुए थाना जगदीशपुरा में शिकायत दी है।
पीड़ित की ओर से बताया गया कि 20 दिसंबर 2025 को तांत्रिक संतोषी उर्फ भैरों बाबा ने बुजुर्ग को अमरपुरा स्थित भैरों मंदिर बुलाया। आरोप है कि तांत्रिक ने अपनी साथी महिला के साथ मिलकर किशोरी के गर्भवती होने की झूठी जानकारी देते हुए परिवार को डराया और किसी अनिष्ट की आशंका बताकर अपने प्रभाव में ले लिया।
परिजनों के अनुसार तांत्रिक किशोरी को मंदिर परिसर में एक कमरे में ले गया और विरोध करने पर बदनाम करने की धमकी देते हुए उसके साथ अश्लील हरकतें कीं तथा वीडियो भी बना लिया। परिवार का कहना है कि दो दिन तक उन्हें मंदिर में ही रोके रखा गया और धमकाकर करीब तीन लाख रुपये ले लिए गए। बाद में पैसे और वीडियो वापस करने की बात कहने पर एक व्यक्ति, जो खुद को दरोगा बताता है, फोन पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे रहा है।
पीड़ित की तहरीर पर तांत्रिक, उसकी महिला साथी और धमकी देने वाले व्यक्ति के खिलाफ थाना जगदीशपुरा मे मुकदमा दर्ज किया गया है।
