पत्नी से विवाद के बाद महिलाओं से नफरत: मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला पर चाकू से जानलेवा हमला
आगरा। दयालबाग क्षेत्र में महिलाओं के प्रति नफरत रखने वाले एक युवक ने शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली पीड़िता सोना देवी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही न्यू आगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार जारी है।
शुक्रवार सुबह करीब छह बजे सोना देवी रोजाना की तरह टहलने निकली थीं। इसी दौरान नगला पदी, दयालबाग निवासी आरोपी श्याम सुन्दर संदिग्ध हालत में वहां घूम रहा था। महिला द्वारा टोकने पर वह उग्र हो गया। पहले कहासुनी हुई और फिर आरोपी ने पीछे से चाकू से वार कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर कुछ ही घंटों में खासपुर चौराहे के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था, जिसके चलते वह मानसिक रूप से आक्रोशित था और महिलाओं के प्रति द्वेष भावना रखने लगा था। पुलिस आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
घायल सोना देवी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। आरोपी श्याम सुन्दर के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
