एयरगन प्रकरण में आरोपित दबँग महिला टीचर और बेटी का आतंक: वायरल: युवती पर डंडे से हमला, CCTV फुटेज
आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के अवधपुरी में एक महिला टीचर और उसकी बेटी का आतंक एक बार फिर चर्चा में है। पड़ोस में रहने वाली एक युवती को गाली देने और विरोध करने पर सिर में डंडा मारकर घायल करने का मामला सामने आया है। घटना का CCTV फुटेज वायरल होने के बाद कॉलोनी में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर पीड़िता का मेडिकल कराया और आगे की कार्यवाही की जा रही है।
CCTV में कैद दबंगई
वायरल फुटेज में महिला टीचर हाथ में डंडा लिए युवती को पीटती हुई साफ दिखाई दे रही है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि उक्त महिला और उसकी बेटी का यही व्यवहार लंबे समय से चला आ रहा है।
पीड़िता की माँ की तहरीर पर कार्रवाई
हमले के बाद पीड़िता की माँ की तहरीर पर पुलिस ने घायल युवती का मेडिकल कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फुटेज के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
पहले भी दर्ज हो चुके हैं कई मुकदमे
कॉलोनीवासियों के अनुसार महिला टीचर और उसकी बेटी पर पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
22 मार्च 2025 को भी दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोप था कि महिला राह चलते लोगों और बच्चों पर एयरगन से छर्रे मारती है, जिसकी वजह से कई बच्चे घायल भी हुए थे।
दिन-रात करती थी फायरिंग, दहशत में थे लोग
स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला दिन और रात में एयरगन से फायर करके कॉलोनी में दहशत फैलाती थी। कई बार शिकायतें भी की गईं, जिससे पुलिस कार्रवाई को मजबूर होना पड़ा था।
स्थानीय लोगों में रोष
लगातार विवादों और हमलों से परेशान कॉलोनीवासी अब दोबारा सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। CCTV फुटेज वायरल होने के बाद सभी लोग सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
