अखिलेश की राजनीति पर बरसे ब्रजेश पाठक:: UP में जंगलराज पार्ट-2 नहीं आने देंगे
आगरा। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा शुरू की गई ‘रन फॉर यूनिटी’ और जन जागरण यात्राओं की जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी का लक्ष्य पटेल की राष्ट्रनिर्माण में निभाई गई भूमिका को घर-घर तक पहुँचाना है।इसी दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। पाठक ने कहा कि रिजल्ट आने के बाद से ही अखिलेश यादव और उनकी पार्टी में मरोड़ शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा गुंडाराज और अराजकता की राजनीति करती रही है। “अखिलेश की राजनीति का मकसद जंगलराज पार्ट-2 को वापस लाना है, लेकिन यूपी की जनता कभी भी ऐसा होने नहीं देगी,”
उन्होंने कहा कि लौह पुरुष पटेल ने आज़ादी के बाद देश की सैकड़ों रियासतों को एकसूत्र में जोड़कर वर्तमान भारत का स्वरूप खड़ा किया, जिसे पूर्व कांग्रेसी सरकारों ने ठीक तरह से जनता के सामने नहीं रखा।
डिप्टी सीएम ने कहा कि बीजेपी नेतृत्व ने तय किया है कि सरदार पटेल की गाथा और उनके जीवन संघर्ष को हर विधानसभा क्षेत्र तक पहुँचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा उनके योगदान को कमतर दिखाया, जबकि आज पटेल की दूरदृष्टि और राष्ट्र की एकता में उनकी भूमिका को दुनिया सराह रही है।
बिहार चुनाव पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि एनडीए को मिला प्रचंड जनादेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरीब कल्याण योजनाओं और नीतीश कुमार के सुशासन का परिणाम है। जनता ने जाति-पंथ से ऊपर उठकर विकास पर मुहर लगाई है। बिहार अब तेज़ी से प्रगति की राह पर है।
डॉक्टरों से जुड़े हालिया विवाद पर बोलते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि कुछ चिकित्सकों द्वारा किए गए कुकृत्य बेहद शर्मनाक हैं और डॉक्टर जैसे सम्मानित पेशे को कलंकित करते हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच एजेंसियां कठोर कार्रवाई करेंगी और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। पूरे प्रदेश में निगरानी और सख्ती बढ़ाई गई है।
