आगरा। शास्त्रीपुरम इलाके में एक तेज रफ्तार बुलेरो ने परिवार के साथ घर लौट रहे कार सवार युवक की गाड़ी में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के वक्त कार में युवक की पत्नी और तीन साल की मासूम बेटी भी सवार थी, जो हादसे के दौरान डैशबोर्ड से टकराकर चोटिल हो गई।

पीड़ित ने जब अपनी गाड़ी रोककर बुलेरो चालक को टोकने और रोकने का प्रयास किया, तो आरोपी आगबबूला हो गया। आरोप है कि बुलेरो चालक जितेन्द्र कुमार (निवासी: मड़ी गुरनूरपुर, फतेहपुर सीकरी) बेहद नशे की हालत में था। उसने कार सवार युवक के साथ सरेराह गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर आमादा हो गया। इतना ही नहीं, उसने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी।

विवाद बढ़ता देख आरोपी बुलेरो चालक जितेन्द्र कुमार ने फोन करके अपने भाई शेर सिंह को भी मौके पर बुला लिया। मौके पर पहुंचे उसके भाई शेर सिंह ने भी पीड़ित परिवार के साथ बदसलूकी और गाली-गलौज की। सड़क पर हंगामा बढ़ता देख आसपास के लोग और राहगीर मौके पर जमा हो गए। राहगीरों ने सक्रियता दिखाते हुए बीच-बचाव कराया, जिसके बाद पीड़ित परिवार की जान बच सकी।

हादसे और हंगामे के बाद मौका पाकर आरोपी जितेन्द्र कुमार और उसका भाई शेर सिंह वहां से भागने में सफल रहे। पीड़ित परिवार ने तुरंत इस घटना की जानकारी आपातकालीन पुलिस सेवा को दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *