12 विद्यालयों के यू-डायस कोड में कथित फर्जीवाड़े की रिपोर्ट के बाद प्रबंधकों ने पेश किया पक्ष, दस्तावेज पूरे होने का दावा; सवाल- जब BSA विभाग ही कराता रहा RTE के तहत बच्चों के एडमिशन, तो इतने साल तक कैसे नहीं पकड़ में आई कथित गड़बड़ी?

आगरा में बेसिक शिक्षा विभाग (BSA) की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। 12 विद्यालयों के यू-डायस कोड में कथित फर्जीवाड़े की रिपोर्ट सामने आने के बाद अब स्कूल प्रबंधक अपने पक्ष के साथ सामने आए हैं। प्रबंधकों का दावा है कि उनके विद्यालयों के सभी दस्तावेज पूरे हैं और स्कूलों का संचालन नियमानुसार किया जा रहा है। लेकिन इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल विभागीय सत्यापन व्यवस्था पर खड़ा हो रहा है।

जिन विद्यालयों के संचालन को 15 से 20 साल या उससे भी अधिक समय हो चुका है, उनके यू-डायस कोड और दस्तावेजों का सत्यापन अब तक किस आधार पर होता रहा? यदि किसी विद्यालय का यू-डायस कोड कथित तौर पर गलत इस्तेमाल किया जा रहा था तो इतने वर्षों तक विभागीय अधिकारियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई? क्या विभागीय स्तर पर सत्यापन और निरीक्षण की प्रक्रिया केवल कागजों तक सीमित रही?

यू-डायस कोड का सत्यापन विभाग करता है, फिर जिम्मेदारी किसकी?

यू-डायस कोड किसी विद्यालय की शैक्षिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण रिकॉर्ड है। इसके आवंटन, पंजीकरण और सत्यापन की प्रक्रिया में विभागीय तंत्र की अहम भूमिका होती है। ऐसे में यदि कोई विद्यालय कथित तौर पर दूसरे विद्यालय के यू-डायस कोड पर संचालित हो रहा था तो यह सवाल स्वाभाविक है कि विभागीय सत्यापन व्यवस्था ने इतने वर्षों तक इस स्थिति को कैसे स्वीकार किया?

क्या संबंधित विद्यालयों के रिकॉर्ड का नियमित सत्यापन नहीं हुआ? क्या विभागीय अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान इन विसंगतियों को नजरअंदाज किया? या फिर अब की गई जांच में ऐसी कोई नई जानकारी सामने आई है, जिसकी पहले पड़ताल नहीं की गई?

इन सवालों का जवाब बेसिक शिक्षा विभाग को देना होगा।

RTE के तहत हर साल प्रवेश, फिर विभाग को क्यों नहीं दिखी कथित गड़बड़ी?

इस पूरे प्रकरण में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत होने वाले प्रवेश भी बीएसए विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। न्यू डिफेंस पब्लिक स्कूल के प्रबंधक का दावा है कि उनका विद्यालय करीब 30 वर्षों से विधिवत संचालित हो रहा है और प्रत्येक वर्ष आरटीई के तहत बीएसए विभाग की ओर से ही विद्यालय में बच्चों के प्रवेश कराए जाते हैं।

यानी विभागीय प्रक्रिया के तहत बच्चों का आवंटन होता रहा और विद्यालय में उनके प्रवेश भी होते रहे। ऐसे में सवाल उठता है कि यदि विद्यालय का यू-डायस कोड ही कथित तौर पर किसी दूसरे स्कूल का इस्तेमाल करके संचालित किया जा रहा था, तो आरटीई के तहत बच्चों का प्रवेश किस विद्यालय के रिकॉर्ड पर कराया गया? प्रवेश के समय विभाग ने विद्यालय की मान्यता, यू-डायस कोड और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन किस आधार पर किया?

क्या आरटीई पोर्टल पर भी इसी यू-डायस कोड के माध्यम से बच्चों का रिकॉर्ड दर्ज होता रहा? पिछले वर्षों में ऐसे विद्यालयों में कितने बच्चों को आरटीई के तहत प्रवेश दिलाया गया और उन प्रवेशों का सत्यापन किस अधिकारी ने किया?

आरटीई के तहत प्रवेश की प्रक्रिया में बेसिक शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में यदि विभाग वर्षों से किसी विद्यालय में बच्चों का प्रवेश कराता रहा है तो अब उसी विद्यालय के यू-डायस कोड पर सवाल उठने के बाद विभाग को अपनी पुरानी प्रक्रिया और रिकॉर्ड का भी जवाब देना चाहिए।

यदि विद्यालय के दस्तावेज या यू-डायस कोड गलत थे तो आरटीई के तहत बच्चों के प्रवेश कराते समय विभागीय अधिकारियों ने इसकी पड़ताल क्यों नहीं की? और यदि दस्तावेज सही थे तो अब कथित फर्जीवाड़े की रिपोर्ट किस आधार पर तैयार की गई?

30 साल से संचालित स्कूल के प्रबंधक ने रखा पक्ष

न्यू डिफेंस पब्लिक स्कूल के प्रबंधक ने अपना पक्ष रखते हुए बताया कि उनका विद्यालय पिछले करीब 30 वर्षों से विधिवत संचालित हो रहा है। आरटीई के तहत प्रत्येक वर्ष बीएसए विभाग द्वारा ही विद्यालय में बच्चों के प्रवेश कराए जाते हैं। प्रबंधक का कहना है कि विद्यालय की मान्यता से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी हैं और उनके पास आवश्यक दस्तावेज मौजूद हैं।

स्कूल बंद होने की अफवाहों के बीच अभिभावक भी विद्यालय पहुंचे और प्रबंधक से जानकारी ली। प्रबंधक ने आरोप लगाया कि कुछ लोग स्कूल संचालकों का उत्पीड़न करने और विद्यालयों की छवि खराब करने के उद्देश्य से भ्रामक खबरें वायरल करा रहे हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

BSA का बयान- दस्तावेज लेकर मिलें, सही मिले तो नहीं होगी कार्रवाई

इस मामले में बीएसए डॉ. राकेश कुमार सिंह का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि संबंधित स्कूलों के प्रबंधक अपने सभी दस्तावेज और प्रपत्र लेकर उनसे मिलें। यदि जांच में उनके दस्तावेज सही पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।

हालांकि, बीएसए के इस बयान के बाद भी कई सवाल अनुत्तरित हैं। यदि दस्तावेजों का सत्यापन अब किया जाना है तो पहले विभागीय रिकॉर्ड में इन विद्यालयों की स्थिति क्या थी? क्या पुराने सत्यापन और निरीक्षण की रिपोर्ट भी सार्वजनिक की जाएगी? क्या जांच केवल स्कूल प्रबंधकों तक सीमित रहेगी या संबंधित विभागीय अधिकारियों की भूमिका भी तय होगी?

स्कूलों के साथ विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही भी तय हो

नियमों का उल्लंघन हुआ है तो संबंधित विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन जांच का दायरा केवल स्कूल प्रबंधकों तक सीमित रखना उचित नहीं होगा। यू-डायस कोड की आवंटन और सत्यापन व्यवस्था में यदि कोई चूक हुई है तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की भी तय होनी चाहिए।

इस मामले में विभाग को पिछले वर्षों के यू-डायस रिकॉर्ड, मान्यता संबंधी दस्तावेज, आरटीई प्रवेश का विवरण और निरीक्षण रिपोर्ट की जांच करनी चाहिए। इससे स्पष्ट होगा कि कथित गड़बड़ी कब से चल रही थी और संबंधित विभागीय स्तर पर किसकी क्या भूमिका रही।

सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब यू-डायस कोड और विद्यालयों के रिकॉर्ड विभागीय व्यवस्था के तहत सत्यापित होते हैं, आरटीई के तहत बच्चों के प्रवेश भी विभाग कराता रहा है, तो 15-20 साल से संचालित विद्यालयों में कथित गड़बड़ी अब तक कैसे बनी रही? क्या विभाग अपनी जिम्मेदारी से बचकर पूरी जवाबदेही स्कूल प्रबंधकों पर डाल रहा है?

अब देखना होगा कि बीएसए इस मामले में केवल स्कूलों के दस्तावेजों की जांच करते हैं या विभागीय स्तर पर हुई संभावित चूक की भी निष्पक्ष पड़ताल कराते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *