आगरा में दिल दहला देने वाली वारदात:: प्रेमिका पर ऑटो चालक को जिंदा जलाने का आरोप, इलाज के दौरान मौत
आगरा, 5 मार्च। ताजनगरी आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ऑटो चालक चांद (करीब 25-30 वर्ष) को उसकी कथित प्रेमिका और उसके परिजनों ने पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया था। करीब एक सप्ताह तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद गुरुवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार 26 फरवरी की रात चांद को मिलने के बहाने बुलाया गया था। आरोप है कि इसी दौरान कथित प्रेमिका शबनम और उसके साथियों ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस घटना में चांद करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गया था।
घायल चांद को पहले एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल में रेफर किया गया। कई दिनों तक इलाज चलने के बाद गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने शव को पृथ्वीनाथ फाटक पर रखकर हंगामा किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी शबनम, उसके कथित साथी सोनू खान उर्फ अल्ली, भाई वकील, सास नगीना और जीजा शरीफ समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
परिजनों का कहना है कि चांद परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था और वे आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं।
