आगरा में 76 करोड़ का फर्जी कारोबार उजागर: बोगस फर्म’ के जरिए ITC खेल का आरोप
राज्य कर विभाग की जांच में बड़ा खुलासा, बैंक खाते से चार महीने में हुआ करोड़ों का लेन-देन
आगरा। ताजनगरी में फर्जी फर्मों के जरिए करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन और इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) पास कराने के बड़े खेल का खुलासा हुआ है। थाना लोहामंडी में राज्य कर विभाग की शिकायत पर मामला दर्ज कराया गया है। आरोप है कि एक व्यक्ति के नाम पर फर्म खोलकर करोड़ों रुपये का कारोबार दिखाया गया, जबकि फर्म स्वामी को ही लेन-देन की जानकारी नहीं थी।
राज्य कर विभाग की विजिलेंस एवं अनुसंधान शाखा रेन्ज-बी द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार पंजाब नेशनल बैंक की कॉलोनी शाखा में दिनेश अग्रवाल निवासी सुल्तानपुरा, आगरा के नाम से “दिनेश ट्रेडर्स” का चालू खाता 27 नवंबर 2024 को खोला गया था। खाता खुलवाते समय फर्म का कारोबार आढ़तिया बताया गया और उद्यम पंजीकरण प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत किया गया।
जांच में सामने आया कि दिसंबर 2024 से मार्च 2025 के बीच मात्र चार महीने में खाते से करीब 76.15 करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ। घोषित व्यापारिक गतिविधि की तुलना में यह रकम बेहद असामान्य पाई गई।
राज्य कर विभाग की टीम ने 5 फरवरी 2026 को सुल्तानपुरा स्थित पते पर जांच की। वहां दिनेश अग्रवाल ने अधिकारियों को बताया कि फर्म वास्तव में सुमित जिंदल नामक व्यक्ति द्वारा लालच देकर उनके नाम पर खुलवाई गई थी। उन्होंने दावा किया कि सुमित जिंदल विभिन्न स्थानों पर बुलाकर चेक और अन्य दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराते थे। फर्म के GST, PAN और अन्य दस्तावेज भी कथित तौर पर सुमित जिंदल के पास ही थे।
पूछताछ में दिनेश अग्रवाल ने यह भी कहा कि बैंक खाते में हुए करोड़ों रुपये के लेन-देन की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। जांच में यह भी सामने आया कि लगभग 17 करोड़ रुपये का लेन-देन “शिव ट्रेडर्स” नामक दूसरी फर्म से दिखाया गया। इस फर्म में प्रयुक्त पैन नंबर सुमित जिंदल के नाम पर पाया गया।
विभागीय जांच में यह भी पता चला कि सुमित जिंदल पूर्व में “एसजे इंटरप्राइजेज” नामक फर्म संचालित कर चुके हैं, जिस पर करीब 9 करोड़ रुपये का कर बकाया बताया गया है। विभाग ने बकाया वसूली की कार्रवाई करते हुए दिनेश ट्रेडर्स के खाते से लगभग 70.74 लाख रुपये रिकवर भी किए हैं।
राज्य कर विभाग ने आरोप लगाया है कि बोगस फर्म बनाकर बिना माल की वास्तविक सप्लाई के फर्जी तरीके से ITC पास ऑन किया गया। इसी आधार पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में FIR दर्ज करने की संस्तुति की गई है।
थाना लोहामंडी पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आर्थिक अपराध और फर्जी GST नेटवर्क से जुड़े इस प्रकरण को आगरा के बड़े टैक्स फ्रॉड मामलों में माना जा रहा है।
