अपराध

एटीएम कार्ड बदलकर 40 हजार उड़ाए,: शातिरों ने हेल्पलाइन बनकर रचा जाल

0
j99udf

एचडीएफसी एटीएम पर युवक को फंसाकर की ठगी, पुलिस जांच में जुटी 

आगरा। साइबर ठगों ने अब एटीएम मशीनों के बाहर नया जाल बिछाना शुरू कर दिया है। सदर क्षेत्र के शमशाबाद रोड स्थित एचडीएफसी बैंक एटीएम पर दो शातिर युवकों ने एक व्यक्ति को मदद के बहाने फंसाकर उसका एटीएम कार्ड बदल लिया और खाते से 40 हजार रुपये पार कर दिए। पीड़ित ने थाना सदर में तहरीर देकर कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार इंद्रापुरम निवासी जाहिद जफर रहमानी शनिवार दोपहर करीब 12:20 बजे राजपुर चुंगी के पास स्थित एचडीएफसी बैंक एटीएम पर रुपये निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद दो युवकों ने खुद को मददगार बताते हुए उन्हें एटीएम इस्तेमाल करने के लिए कहा। पीड़ित ने जैसे ही कार्ड मशीन में डाला, कार्ड मशीन में फंस गया।

आरोप है कि दोनों युवक पहले से ही एटीएम मशीन के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे। इसके बाद एक युवक नीचे चला गया जबकि दूसरे ने पीड़ित को एक कथित “हेल्पलाइन नंबर” दिया, जो पहले से मशीन पर चिपकाया गया था। फोन करने पर खुद को बैंक कर्मचारी बताने वाले व्यक्ति ने पीड़ित से एटीएम पिन कई बार दबाने को कहा। इसी दौरान शातिरों ने पिन देख लिया।

करीब 20 मिनट तक कार्ड निकालने का नाटक चलता रहा। बाद में फोन पर पीड़ित को भरोसा दिलाया गया कि बैंक कर्मचारी कार्ड निकाल देंगे और उनका पैसा सुरक्षित रहेगा। जैसे ही पीड़ित बैंक की ओर गया, आरोपी मशीन से कार्ड निकालकर फरार हो गए।

कुछ देर बाद पीड़ित के मोबाइल पर खाते से 40 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज पहुंचा तो उसके होश उड़ गए। पीड़ित ने तत्काल बैंक स्टेटमेंट सहित थाना सदर में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में मामला सुनियोजित एटीएम फ्रॉड का माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed