अपराध

दबंग नेता रिंकू यादव पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप,: मुकदमा दर्ज

0
IMG-20260617-WA0055

आगरा। थाना एकता क्षेत्र में कपड़ा व्यापारी बबलू यादव उर्फ रजत यादव की शिकायत पर रिंकू यादव उर्फ अजय यादव निवासी बरोली अहीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित ने आरोपी पर गाली-गलौज करने और जान से मरवाने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

एफआईआर के अनुसार, बबलू यादव उर्फ रजत यादव की राजपुर चुंगी गोल मार्केट में कपड़ों की दुकान है। आरोप है कि नवंबर 2025 में रिंकू यादव ने उसे अपनी बातों में लेकर उसके नाम से एक सैमसंग फोल्ड मोबाइल खरीदवाया था। मोबाइल की कीमत करीब 1लाख 62हजार रुपये बताई गई है, 67 हजार डाउन पेमेंट बबलू यादव ने जमा कराया और बाकि  किस्तें अभी भी शिकायतकर्ता बबलू के नाम पर जमा हो रही हैं।

पीड़ित का आरोप है कि बाद में आरोपी मोबाइल अपने पास रखकर उस पर दबाव बनाने लगा। शिकायत में कहा गया है कि मार्च 2026 में आरोपी उसे अपने साथ ले गया और मोबाइल को लेकर विवाद करने लगा। इसके बाद वह लगातार दबाव बनाता रहा और खुद को प्रभावशाली बताते हुए बड़े अधिकारियों से पहचान होने की बात कहता था।

एफआईआर के मुताबिक 15 जून को आरोपी ने फोन कर बबलू यादव को गाली-गलौज की और चार दिन के भीतर जान से मरवाने की धमकी दी। शिकायतकर्ता का दावा है कि बातचीत की रिकॉर्डिंग उसके पास मौजूद है।

आरोपी रिंकू यादव अक्सर सोशल मीडिया पर सपा प्रमुख Akhilesh Yadav और अन्य नेताओं के साथ अपनी तस्वीरें वायरल करता रहा है। इन तस्वीरों के जरिए वह राजनीतिक गलियारों में अपनी पहुंच और नजदीकियां दिखाने का प्रयास करता रहा है।”

पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिंकू यादव उर्फ अजय यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed