आगरा। जगदीशपुरा क्षेत्र में शुक्रवार शाम नौ वर्षीय बच्ची के अचानक लापता होने और 40 लाख रुपये की फिरौती का पत्र मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी। करीब तीन घंटे बाद बच्ची सकुशल अपने घर लौट आई, जिससे परिवार ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार, व्यापारी पिता शुक्रवार शाम करीब छह बजे अपनी बेटी को घर के पास स्थित डांस एकेडमी के गेट पर छोड़कर गए थे। जब शाम करीब सात बजे उसे लेने पहुंचे तो पता चला कि बच्ची डांस क्लास तक पहुंची ही नहीं।
इसी दौरान परिवार को घर के गेट के पास एक पत्र मिला, जिसमें बच्ची के अपहरण का दावा करते हुए 40 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। पत्र में तय स्थान पर रकम लेकर आने और पुलिस को सूचना देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची की तलाश के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
करीब साढ़े तीन घंटे बाद बच्ची सुरक्षित घर लौट आई। इसके बाद परिवार ने राहत की सांस ली। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्ची इस दौरान कहां रही और फिरौती का पत्र किसने तथा किस उद्देश्य से भेजा। पुलिस बच्ची के बयान, पत्र की लिखावट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *