आगरा: सेंट पीटर्स कॉलेज में यातायात पुलिस का जागरूकता अभियान,: स्कूली वाहन चालकों को दिए सुरक्षा के निर्देश
आगरा, 10 जुलाई। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को सेंट पीटर्स कॉलेज में यातायात पुलिस ने विशेष जागरूकता अभियान चलाया। अभियान पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अलका के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान विद्यालय के सभी स्कूली वाहन चालकों—बस, वैन, ईको और ऑटो चालकों—को निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन न करने के निर्देश दिए गए। साथ ही वाहन संचालन से जुड़े सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने और “सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा” अभियान के तहत यातायात नियमों एवं संकेतों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। ओवरलोडिंग, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी से बचते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदारी के साथ वाहन संचालन करें।
अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अलका ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे जागरूकता अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य वाहन चालकों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम करना है।


