Uncategorized

मोबाइल स्टेटस ने बढ़ाई रंजिश,: ताजपुर में युवक की गोली मारकर हत्या

0
file_00000000fa5c7208be6cadfbb9e740b9

अछनेरा (आगरा)। मोबाइल पर लगाए गए एक स्टेटस को लेकर शुरू हुआ विवाद दस दिन बाद खूनी वारदात में बदल गया। ताजपुर गांव में बुधवार रात दो किशोरों ने 28 वर्षीय युवक ओमप्रकाश की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों मौके से भाग निकले, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

ओमप्रकाश मूलरूप से राजस्थान के डीग जिले के कुम्हेर थाना क्षेत्र के रहने वाले थे और करीब तीन साल से ताजपुर गांव में अपने जीजा पूरन सिंह के घर रह रहे थे। बुधवार रात वह गांव से करीब 100 मीटर दूर कुलदेवी मंदिर के पास अपने मित्र विष्णु का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान दो किशोर वहां पहुंचे और ओमप्रकाश पर तमंचे से गोली चला दी।

गोली सीने में लगते ही ओमप्रकाश की मौके पर मौत हो गई। हमलावरों ने उनके मित्र विष्णु को भी निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन इसी बीच बाइक सवार एक व्यक्ति को आता देखकर दोनों वहां से भाग निकले।

दस दिन पहले शुरू हुई थी कहासुनी

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि करीब दस दिन पहले ओमप्रकाश के मित्र विष्णु ने मोबाइल पर एक स्टेटस लगाया था। इसको लेकर 16 वर्षीय किशोर ने आपत्ति जताई और विवाद हो गया। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान ओमप्रकाश ने एक नाबालिग को पीट दिया था। इसके बाद से दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी।

बुधवार को किशोर अपने साथी के साथ ओमप्रकाश के पास पहुंचा। वहां फिर विवाद हुआ और किशोर ने तमंचे से गोली चला दी।

दोनों आरोपित किशोर, उम्र का हो रहा सत्यापन

पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने अपनी उम्र 16 और 17 वर्ष बताई है। पुलिस उनकी उम्र से संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन करा रही है।

डीसीपी आदित्य के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में मोबाइल स्टेटस को लेकर हुए विवाद की बात सामने आई है। पुलिस घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed