आगरा।रात के सन्नाटे में शराब ठेके की कुंडी काटकर तीन युवक अंदर घुसे और गल्ले से रुपये निकालने लगे। खटर-पटर की आवाज सुनकर अंदर सो रहे सेल्समैन की आंख खुल गई। उसने साथियों के साथ युवकों को पकड़ने की कोशिश की तो तीनों भागने लगे। भागते समय एक युवक गिरकर घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को भी पीछा कर पकड़ लिया गया। मामला लोहामंडी के नौबस्ता चौराहे स्थित सरकारी देशी शराब के ठेके का है।

बुधवार तड़के करीब तीन बजे सेल्समैन विवेक उर्फ वीरू ठेके के अंदर सो रहा था। उसने बताया कि खटर-पटर की आवाज सुनकर उसकी नींद खुली। बाहर देखा तो तीन युवक कुंडी काटकर ठेके में घुसे थे और गल्ले से रुपये निकाल रहे थे। विवेक ने अपने साथी ओमप्रकाश और जीतू के साथ उन्हें पकड़ने की कोशिश की।

पकड़े जाने के डर से तीनों भागने लगे। इसी दौरान एक युवक ठोकर लगने से गिर पड़ा और उसके सिर में चोट लग गई। पकड़े जाने पर उसने अपना नाम आमिर बताया। वहीं उसके दो साथियों को भी पकड़ लिया गया। उन्होंने अपने नाम आरिफ उर्फ गुज्जर और फैजल बताए। तीनों के पास से 1170 रुपये बरामद हुए।

घटना की सूचना के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। लोहामंडी थाने में आमिर, आरिफ उर्फ गुज्जर और फैजल के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *