आगरा। कंपनी में काम को लेकर मिली डांट कर्मचारी को इतनी नागवार गुजरी कि वह गुस्से में कंपनी से बाहर निकल गया। कुछ देर बाद बाइक पर साथी के साथ लौटा, हाथ में तमंचा था और निशाना था वही सिक्योरिटी सुपरवाइजर, जिसने उसे काम ठीक से करने के लिए टोका था। फायरिंग में सुपरवाइजर बाल-बाल बच गया। वारदात के अगले ही दिन सिकंदरा पुलिस ने आरोपी मेघश्याम उर्फ मैंगो ठाकुर को दबोच लिया।

मामला 25 अगस्त का है। ग्वा एचसी ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड में फिटर का काम करने वाले मेघश्याम को सुपरवाइजर ने काम ठीक से नहीं करने पर टोका। इस पर वह भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। समझाने पर भी नहीं माना तो सुपरवाइजर ने उसे कंपनी से बाहर कर दिया।

आरोप है कि इसके बाद मेघश्याम एक अज्ञात साथी के साथ मोटरसाइकिल से वापस आया। उसने तमंचा निकाला और सुपरवाइजर पर फायर कर दिया। गोली से सुपरवाइजर बाल-बाल बचा। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला।

24 घंटे में पुलिस ने पलट दी बाजी

फायरिंग की सूचना के बाद सिकंदरा पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी। 26 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि मेघश्याम जयपुर नहर की ओर से आने वाले मार्ग पर है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।

पुलिस के मुताबिक, मेघश्याम उर्फ मैंगो ठाकुर मूल रूप से जगनेर थाना क्षेत्र के गांव दिघायच का रहने वाला है और वर्तमान में सिकंदरा क्षेत्र में रह रहा था। उसके खिलाफ सिकंदरा थाने में वर्ष 2023 का एक मुकदमा भी दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed