आगरा। रात के अंधेरे में सड़क का बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया और सुबह ऐसा नजारा सामने आया, मानो सड़क के बीचोंबीच ‘पाताल का रास्ता’ खुल गया हो। धनकोट फुव्वारा क्षेत्र के धोबी पाड़ा मोहल्ले में हुए हादसे में एक बाइक और टोरेंट का बॉक्स तक गड्ढे में समा गया।

हादसा रात करीब तीन बजे हुआ। सुबह सड़क की हालत सामने आई तो इलाके में हलचल मच गई। गहरे गड्ढे और धंसी सड़क को देखकर लोगों में हादसे की आशंका बढ़ गई।

‘स्पेस टेक्नोलॉजी’ पर अपूर्व शर्मा का तंज

अधिवक्ता अपूर्व शर्मा ने सड़क के इस हाल पर तंज कसते हुए इसे ‘स्पेस टेक्नोलॉजी’ का उदाहरण बताया। सड़क के बीच अचानक बने गहरे गड्ढे को लेकर उनकी यह टिप्पणी व्यवस्था की बदहाली पर कटाक्ष के रूप में सामने आई।

सुबह छह बजे मौके पर पहुंचीं आरती शर्मा

वार्ड 96 धनकोट फुव्वारा की पार्षद आरती शर्मा सुबह करीब छह बजे मौके पर पहुंचीं। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और नगर आयुक्त, टोरेंट तथा पुलिस को मामले की सूचना दी।

पार्षद आरती शर्मा ने जनहित में सबसे पहले प्रभावित इलाके की पानी की सप्लाई बंद कराने और संबंधित टीमों को मौके पर भेजने की मांग की है। सड़क के अचानक धंसने के कारणों की जांच के साथ तत्काल सुरक्षा इंतजाम किए जाने की जरूरत बताई गई है।

अब स्थानीय लोगों की नजर इस बात पर है कि सड़क के इस ‘पाताल’ को कब तक बंद किया जाता है और कब तक रास्ता सुरक्षित होकर लोगों के लिए खुल पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *