आगरा। एक अलमारी, उसमें मिली सिगरेट और उसके बाद पड़ी डांट… 17 साल के नेशनल टेबल टेनिस खिलाड़ी वंश के लिए यही छोटी-सी घटना इतनी भारी पड़ गई कि उसने हॉस्टल ही छोड़ दिया। 31 जुलाई को स्टेडियम से गायब हुआ वंश आगरा से निकलकर कई शहरों की दूरी तय करते हुए मुंबई पहुंच गया। परिवार उसे तलाशता रहा और वह वहां मजदूरी कर अपना खर्च चलाता रहा।

सदर स्थित एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम के हॉस्टल से वंश के गायब होने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। शुरुआत में उसके बारे में कोई ठोस सुराग नहीं मिल रहा था। फिर आगरा कैंट स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज ने पुलिस को उसकी तलाश की पहली कड़ी दी।
कैमरों में वंश स्टेशन पर नजर आया तो पुलिस ने उसके संभावित सफर के रास्तों को जोड़ना शुरू किया। इसी दौरान जांच को सोशल मीडिया से ऐसा सुराग मिला, जिसने वंश तक पहुंचने का रास्ता खोल दिया।
वंश ने अपने दोस्त से फोन पर संपर्क किया था। बाद में किसी दूसरे लड़के के मोबाइल से उसने दोस्त को इंस्टाग्राम पर मैसेज किया। पुलिस ने इसी मैसेज को आधार बनाकर उसकी लोकेशन मुंबई तक ट्रेस कर ली।
मथुरा से शुरू हुआ सफर मुंबई पर जाकर थमा
पुलिस पूछताछ में वंश ने बताया कि वह ट्रेन से आगरा से मथुरा पहुंचा। इसके बाद उज्जैन, नागदा और इंदौर होते हुए मुंबई चला गया। वहां कुछ लड़कों के साथ रहने लगा और जिंदगी चलाने के लिए मजदूरी करने लगा।
वंश ने पुलिस को बताया कि हॉस्टल में उसकी अलमारी से सिगरेट मिलने पर आरएसओ ने उसे डांटा था। डांट के बाद वह डर गया और क्षुब्ध होकर बिना बताए हॉस्टल से निकल गया। इसके बाद उसने वापस लौटने के बजाय आगरा से बाहर जाने का फैसला कर लिया।
नेशनल खिलाड़ी मिला तो मैदान नहीं, मजदूरी करते
पुलिस टीम मुंबई पहुंची और वंश को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद उसे आगरा लाया गया। जिस खिलाड़ी को परिवार और पुलिस कई दिनों से तलाश रहे थे, वह मुंबई में मजदूरी करते हुए मिला।
एडिशनल डीसीपी हिमांशु गौरव ने बताया कि वंश सकुशल मिल गया है। नियमानुसार उसे चाइल्ड केयर सेंटर भेजा जा रहा है। वहां से किशोर न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एक छोटी-सी डांट से शुरू हुआ यह मामला इतना आगे निकल गया कि आगरा के स्टेडियम से निकला नेशनल खिलाड़ी मथुरा, उज्जैन, नागदा और इंदौर पार करता हुआ मुंबई पहुंच गया।
