किनारी बाजार की ज्वेलरी शॉप से ढाई किलो सोना गायब, कीमत करीब 3.5 करोड़; तीन कर्मचारियों पर मुकदमा
आगरा। आगरा के किनारी बाजार स्थित कृष्ण गोपाल मुकेश बाबू ज्वैलर्स से करीब ढाई किलो सोने के आभूषण गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गायब जेवरात की कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। कारोबारी की तहरीर पर पुलिस ने दुकान के तीन कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर कोतवाली भानु प्रताप सिंह ने बताया कि मुकदमे में दुकान से धीरे-धीरे माल गायब होने की बात कही गई है। दुकान में रखे जेवरात के डिब्बे खाली होने और माल गायब मिलने की बात जांच में सामने आई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कर्मचारियों ने हाल के दिनों में कितनी कीमत की संपत्ति खरीदी और उसके लिए भुगतान का स्रोत क्या था।
दुकान के स्टॉक की 18 मई 2026 को गणना कराई गई थी। स्टॉक में करीब चार किलो 57 ग्राम सोने के आभूषण दर्ज थे। गणना के दौरान 27 डिब्बे खाली मिले। इनमें रखे जेवरात और कीमती नग गायब थे। गायब माल की कीमत करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये बताई जा रही है।
छानबीन में पुलिस को पता चला कि दुकान के कर्मचारी अमित बंसल और धीरज चौहान ने हाल ही में संपत्ति खरीदी है। वहीं 25 अप्रैल 2026 को कर्मचारी दीपक यादव ने 23 ग्राम 600 मिलीग्राम सोना बेचा था, जिसके बदले वह करीब 2.70 लाख रुपये लेकर गया था। पुलिस इस लेनदेन को भी जांच में शामिल कर रही है।
कारोबारी मुकेश बाबू अग्रवाल ने तीनों कर्मचारियों की भूमिका पर शक जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने अमित बंसल, धीरज चौहान और दीपक यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
इंस्पेक्टर भानु प्रताप सिंह के मुताबिक, पुलिस तीनों कर्मचारियों की हालिया संपत्ति खरीद, बैंक खातों में हुए बड़े लेनदेन और सोने की खरीद-बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड की जांच करेगी। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
