जनकपुरी में भक्ति और उत्सव का अनूठा संगम, पुष्पवर्षा से हुआ जानकी के डोले का स्वागत; आज राम बरात के भव्य स्वागत की तैयारी

आगरा। मिथिलानगरी बनी जनकपुरी में मंगलवार को मानो त्रेतायुग फिर जीवंत हो उठा। सखियों से घिरीं मां जानकी जब आकर्षक डोले में नगर भ्रमण पर निकलीं तो गलियों से लेकर स्वागत मार्ग तक श्रद्धा और उल्लास का सैलाब उमड़ पड़ा। कहीं पुष्पवर्षा हुई तो कहीं जयकारों से वातावरण गूंज उठा। राम-सीता विवाह की स्मृतियों को जीवंत करती झांकियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

माता जानकी के डोले से पहले गणेशजी की सवारी निकली। इसके पीछे राजा जनक और रानी सुनैना की सवारी रही। सजे हुए डोलों और मनोहारी झांकियों के साथ शोभायात्रा जनकपुरी के विभिन्न मार्गों से गुजरी। मार्ग में पहले से इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर झांकियों का स्वागत किया और माता जानकी के दर्शन किए।

डोला जैसे-जैसे आगे बढ़ा, जनकपुरी की रौनक भी बढ़ती चली गई। गणपति किंग्स काउंटी पहुंचने पर माता जानकी और राजा जनक के परिवार का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद शोभायात्रा अल्पाहार के पश्चात आगे बढ़ी। भगवान श्रीराम समेत अन्य स्वरूप रजत रथ पर विराजमान रहे और श्रद्धालुओं ने दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

आज राम बरात के स्वागत की बारी

जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव के अनुसार बुधवार सुबह राम बरात के भव्य स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बरात के पहुंचने पर भगवान श्रीराम समेत सभी स्वरूपों का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद राम बरात जनमासा की ओर बढ़ेगी और आगे कावेरी कौत्सुम की ओर जाएगी।

सखियों के रूप में शामिल हुईं महिलाएं

जानकी के डोले में महिलाओं ने सखियों के रूप में हिस्सा लिया। रेखा यादव, अनीता यादव, अमृता पोरवाल, साधना गुप्ता, प्रीति, आरती शर्मा और शीतल अग्रवाल समेत अन्य महिलाएं सखियों के स्वरूप में शामिल रहीं। वहीं जनक परिवार की ओर से विवाह समारोह के निमंत्रण की परंपरा भी निभाई गई।

जनकपुरी में अब निगाहें राम बरात पर हैं। जानकी के डोले के बाद बुधवार को राम बरात के स्वागत के साथ महोत्सव अपने सबसे भव्य पड़ाव की ओर बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *