आगरा। थाना सदर बाजार क्षेत्र में दुकान और मकान पर कब्जे को लेकर चल रहा विवाद अब खूनी संघर्ष में बदल गया है। पीड़ित रवि राय अग्रवाल और उनके परिवार ने सगे भाई राजा अग्रवाल, भतीजे विशेष अग्रवाल और भाभी जया गर्ग पर मारपीट और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि पहले भी मारपीट की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कराई गई थी, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों ने दोबारा हमला कर दिया।

पीड़ित की पत्नी पारुल अग्रवाल के मुताबिक, दुकान में दोनों भाइयों की हिस्सेदारी है, लेकिन दूसरा पक्ष उन्हें दुकान पर काम नहीं करने दे रहा है और बाहर निकालने का दबाव बना रहा है। आरोप है कि विवाद के दौरान सेंटर टेबल का कांच तोड़कर रवि राय अग्रवाल की गर्दन पर वार किया गया, जिससे उनके गले और हाथ में गंभीर चोटें आईं। पति को बचाने पहुंचीं पारुल के साथ भी मारपीट और गाली-गलौज की गई।

पारुल का आरोप है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार उनके परिवार के साथ मारपीट हो चुकी है। पूर्व में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद दोबारा हमला होना पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर रहा है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

पारुल अग्रवाल ने मुख्यमंत्री और पुलिस अधिकारियों से न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि परिवार में दो बेटियां हैं और अब उन्हें घर में भी डर के माहौल में रहना पड़ रहा है। उन्होंने दुकान में बंटवारे के अनुसार दीवार बनवाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित की तहरीर पर थाना सदर बाजार में हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद आरोपियों राजा अग्रवाल, विशेष अग्रवाल और जया गर्ग के खिलाफ पुलिस जांच कर रही है। हालांकि, एफआईआर के बाद दोबारा मारपीट के आरोप ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि पहली शिकायत के बाद पुलिस ने ऐसी क्या कार्रवाई की, जिससे विवाद दोबारा हिंसा तक पहुंच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *