25 गज जमीन के लालच में की मां की फावड़े से की थी हत्या: एक दशक बाद आरोपी बेटे को अदालत ने सुनाई उम्रकैद ₹50,000 का जुर्माना
आगरा। रिश्तों को कलंकित करने वाली यह घटना 18 अप्रैल 2015 की है। आगरा के एतमाद्दौला थाना क्षेत्र के छदमई गांव में जमीन के लालच में एक बेटे ने अपनी ही मां की फावड़े से काटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने घर में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया, ताकि किसी को भनक न लगे।एक दशक तक चले इस मुकदमे में अब न्यायालय ने आरोपी बेटे राहुल को आजीवन कारावास और ₹50,000 के अर्थदंड से दंडित किया है।
25 गज जमीन के लालच में की मां की हत्या
जानकारी के अनुसार, मृतका विमला देवी अपने दो बेटों राहुल और कान्हा के साथ रहती थीं। परिवार में 25 गज जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।18 अप्रैल 2015 की रात राहुल ने मां को कमरे में बुलाया और जमीन अपने नाम करने को कहा। बात बढ़ी तो गुस्से में आकर उसने फावड़े से मां के सिर पर कई बार वार किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने घर में ही गड्ढा खोदकर शव दफना दिया।
पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी ने कबूला जुर्म
पड़ोसियों को जब घर से मिट्टी की खुदाई पर शक हुआ, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गड्ढा खुदवाया और शव बरामद किया। शुरू में राहुल ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने मां की हत्या की बात स्वीकार कर ली।
वारदात में प्रयुक्त फावड़ा भी पुलिस ने बरामद कर लिया।
पत्नी भी छोड़कर चली गई थी मायके
हत्या से पहले घर में जमीन विवाद को लेकर लगातार झगड़े होते थे। राहुल की पत्नी भी इन विवादों से परेशान होकर मायके चली गई थी। राहुल ने जमीन पर कब्जे की नीयत से मां की हत्या की योजना बनाई थी।
अदालत ने सुनाया फैसला
लगभग एक दशक बाद इस मामले में न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाया।
मां की फावड़े से हत्या करने वाले आरोपी राहुल को माननीय न्यायालय द्वारा आजीवन कारावास व ₹50,000 के अर्थदंड से दंडित किया गया है।
