आगरा।आगरा पुलिस कमिश्नरेट की साइबर क्राइम यूनिट ने ‘मिशन शक्ति-5.0’ अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है जो युवती को अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा था। आरोपी ने युवती के होने वाले पति से 60 लाख रुपये की भारी रकम की मांग की थी।
दिल्ली निवासी आरोपी ने रची ब्लैकमेलिंग की साजिश
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अनुज पाल, निवासी मानसरोवर पार्क, शाहदरा (पूर्वी दिल्ली) है। वह इस समय हापुड़ के नेहरू नगर में किराये पर रह रहा था। युवती की शादी आगरा में तय होने के बाद उसने उसे फोन पर अश्लील संदेश और धमकी भरे वीडियो भेजने शुरू कर दिए।
परिजनों को भी भेजे धमकी भरे संदेश
आरोपी ने युवती के मंगेतर और परिजनों के नंबरों पर भी अश्लील मैसेज भेजकर धमकाया। उसने कहा कि अगर दोनों की शादी हुई तो वह उन्हें जान से मार देगा। साथ ही, आरोपी ने व्हाट्सएप कॉल पर 50 हजार रुपये की भी मांग की और मना करने पर वीडियो वायरल करने की चेतावनी दी।
हापुड़ से गिरफ्तार हुआ आरोपी
साइबर क्राइम पुलिस ने तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। मुखबिर की सूचना पर टीम ने 22 अक्टूबर को हापुड़ के नेहरू नगर क्षेत्र से अनुज पाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरण बरामद किए हैं।
