आगरा। दुनिया भर में मोहब्बत की निशानी के तौर पर मशहूर ताजमहल देखने आने वाले पर्यटकों के सामने एक अलग ही चुनौती खड़ी रहती है। ताज की खूबसूरती देखने से पहले ही कुछ ‘लपके’ पर्यटकों को घेर लेते हैं। कोई खुद को गाइड बताता है, कोई पार्किंग से लेकर होटल तक की व्यवस्था कराने का दावा करता है और कोई खरीदारी कराने के नाम पर पर्यटकों को अपने पीछे चलने के लिए मजबूर करता है।

सबसे ज्यादा परेशानी उन पर्यटकों को होती है जो पहली बार आगरा आते हैं। जैसे ही वे पार्किंग या ताजमहल के आसपास पहुंचते हैं, कई लोग उनके पीछे लग जाते हैं। ‘सर गाइड चाहिए?’, ‘मैडम अच्छी दुकान बता दें?’, ‘सस्ता होटल दिला दूंगा’ जैसे ऑफर शुरू हो जाते हैं।

मामला सिर्फ पीछा करने तक सीमित नहीं रहता। पुलिस की कार्रवाई में सामने आया है कि पर्यटकों को झांसे में लेने वाले ऐसे लोगों के खिलाफ अभियान चलाया जाता रहा है। ताज सुरक्षा और पर्यटन थाना पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन टूरिस्ट डिलाइट’ चलाकर लगातार लपकों की धरपकड़ जारी है

वहीं पुलिस सत्यापन के दौरान ताजमहल के आसपास सक्रिय हॉकरों और लपकों को लेकर भी कार्रवाई की जा रही है । पुलिस के मुताबिक हॉकरों की आड़ में भी लपके सक्रिय रहते हैं।

पर्यटक ताज देखने आए या ‘लपकों’ से पीछा छुड़ाने?

ताजमहल के बाहर का यह खेल पर्यटन की चमक पर सवाल खड़ा करता है। दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से आगरा आने वाला पर्यटक अगर ताजमहल की खूबसूरती से ज्यादा पीछा करते लोगों और जबरन सेवाएं लेने के दबाव से परेशान हो जाए, तो सवाल व्यवस्था पर भी उठना लाजिमी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *