आगरा में हथियारों की बड़ी खेप पकड़ी गई, दो तस्कर गिरफ्तार; :
आगरा, 10 जुलाई। आगरा पुलिस कमिश्नरेट ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। थाना खेरागढ़ पुलिस और एसओजी/सर्विलांस पश्चिमी जोन की संयुक्त टीम ने सैफऊ बॉर्डर के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। उनके कब्जे से 11 ऑटोमैटिक पिस्टल, अतिरिक्त मैगजीन, एक महिंद्रा थार, नकदी और फर्जी नंबर प्लेट बरामद की गई हैं।
पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि हथियारों की खेप लेकर दो तस्कर क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने सैफऊ बॉर्डर स्थित गौशाला के आगे पुलिया के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हाथरस निवासी उदयवीर सिंह और राजस्थान के धौलपुर निवासी यश शर्मा उर्फ अन्नू के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 11 अवैध .32 बोर ऑटोमैटिक पिस्टल, 10 अतिरिक्त मैगजीन, दो मोबाइल फोन, 5,850 रुपये नकद, एक महिंद्रा थार और चार नंबर प्लेट बरामद हुईं, जिनमें दो फर्जी बताई गई हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को आशंका है कि आरोपी लंबे समय से अवैध हथियारों की सप्लाई के नेटवर्क से जुड़े हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार किस राज्य से लाए गए थे और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके पूरे नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई थाना खेरागढ़ पुलिस, एसओजी पश्चिमी जोन और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने की। ऑपरेशन वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में संचालित किया गया और इसे अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
