आगरा: जहां एक ओर ताजमहल पर विदेशी पर्यटकों की आमद में गिरावट देखी जा रही है, वहीं शहर के गाइड समुदाय लंबे समय से आर्थिक संकट से जूझ रहा है। अब पुरानी मंडी मेट्रो स्टेशन पर गाइडों की कैनोपी को हटाने की उद्यान विभाग की चेतावनी ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

पर्यटन सीज़न शुरू होने से पहले गाइडों पर यह कार्रवाई हड़कंप मचा रही है। गाइडों का कहना है कि यह कैनोपी पुलिस प्रशासन द्वारा अधिकृत रूप से लगवाई गई थी, जिससे पर्यटकों को जानकारी देने और छांव में आराम करने की सुविधा मिलती थी।

गाइड एजाज अहमद ने कहा, “हमारी यह जगह पुलिस प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई थी। अब उद्यान विभाग जबरदस्ती हमें बेदखल करने की कोशिश कर रहा है। यह हमारे रोज़गार को छीनने जैसा है।” उन्होंने बताया कि वे जल्द ही उच्च अधिकारियों से मुलाकात करेंगे और मांग करेंगे कि कैनोपी को यथावत रखा जाए।

गाइडों का मानना है कि कैनोपी हटाने से न केवल उनके रोजगार पर असर पड़ेगा, बल्कि पर्यटकों की सुविधा भी प्रभावित होगी। पर्यटन कारोबार पहले ही धीमा पड़ चुका है, ऐसे में यह कदम समुदाय के लिए नई चुनौती बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *