Uncategorized

सिकंदरा क्षेत्र में महिला की हत्या कर फरार होने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार,: आरोपी इमरान गोली लगने से घायल

0
IMG-20251022-WA0012

सिकंदरा थाना क्षेत्र में महिला की हत्या कर फरार होने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपित इमरान उर्फ नोक के पैर में गोली लग गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक नाल में फंसा कारतूस (.315 बोर) बरामद हुआ है।

बुजुर्ग महिला की हत्या से मचा हड़कंप

ताजनगरी आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र के रुनकता इलाके में सोमवार को पुरानी रंजिश के चलते 70 वर्षीय फिरदौज पत्नी नवाबुद्दीन की दिनदहाड़े गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद आरोपी इमरान मौके से फरार हो गया था। इस घटना से पूरे मोहल्ले में दहशत और तनाव का माहौल बन गया था।

दिनदहाड़े वारदात को दिया अंजाम

पुलिस के अनुसार, मृतका और आरोपी के परिवार के बीच लंबे समय से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। रविवार को दोनों परिवारों के बच्चों में विवाद हुआ था। सोमवार को जब फिरदौज घर पर अकेली थीं, तभी आरोपी ने मौका पाकर उन पर चाकू से हमला किया और गला रेत दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

सूचना पर एसीपी हरीपर्वत अक्षय महादीक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों की तहरीर पर आरोपी इमरान के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया और उसकी तलाश में टीमों को लगाया गया।

मुठभेड़ में गिरफ्तारी

मंगलवार देर रात थाना सिकंदरा पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्ति व वाहन चेकिंग के दौरान खड़वाई चौराहे के पास नहर की पटरी की ओर मुठभेड़ के दौरान आरोपी इमरान उर्फ नोक को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अब उससे हत्या की वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed