राष्ट्रीय पार्टी के भीतर नेतृत्व की कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल; 50 लाख से दो करोड़ रुपये तक की कथित सौदेबाजी का जिक्र, UPI और नकद लेनदेन के आरोपों से हाईकमान की बढ़ी मुश्किलें
मानवेन्द्र मल्होत्रा । राजनीति में विरोधियों के हमलों से ज्यादा खतरनाक अपनों के लगाए आरोप साबित हो सकते हैं। एक राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी के भीतर इन दिनों ऐसा ही सियासी तूफान उठता दिखाई दे रहा है। एक बड़े राज्य के प्रभारी की कार्यशैली को लेकर भेजे गए गोपनीय ई-मेल ने संगठन के भीतर हलचल मचा दी है। दावा है कि प्रभारी के कथित कारनामों को उजागर करते हुए पार्टी के करीब 250 वरिष्ठ नेताओं को यह ई-मेल भेजा गया है। शिकायतकर्ता ने प्रभारी की तुलना ‘भस्मासुर’ से करते हुए आरोप लगाया है कि संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी संभालने वाला नेतृत्व ही अब पार्टी के लिए संकट बनता जा रहा है।
टिकट के लिए 50 लाख से दो करोड़ तक की कथित डील!
गोपनीय शिकायत में विधानसभा चुनाव के टिकट और संगठनात्मक पदों के नाम पर कथित आर्थिक सौदेबाजी के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ई-मेल में दावा किया गया है कि टिकट के दावेदारों से पहले लाखों रुपये की मांग की जाती है और टिकट मिलने की स्थिति में करोड़ों रुपये तक की अतिरिक्त रकम का कथित सौदा होता है। एक मामले में 50 लाख रुपये से लेकर दो करोड़ रुपये तक की डील का उल्लेख किया गया है। शिकायत में कुछ विधानसभा क्षेत्रों के संदर्भ में संपत्ति के कथित लेनदेन का भी जिक्र किया गया है।
UPI से लेकर नकद भुगतान तक के आरोप
शिकायतकर्ता ने केवल मौखिक आरोप लगाने के बजाय कथित UPI ट्रांजेक्शन और भुगतान से जुड़े विवरण भी ई-मेल में साझा करने का दावा किया है। आरोप है कि राजनीतिक पद और टिकट की उम्मीद रखने वाले लोगों से डिजिटल भुगतान के साथ नकद रकम भी मांगी गई। इन विवरणों की स्वतंत्र पुष्टि और बैंकिंग रिकॉर्ड से सत्यापन होना अभी बाकी है।
250 नेताओं को मेल, मीडिया तक पहुंचाने की कोशिश
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे अहम पहलू शिकायत का दायरा है। दावा किया जा रहा है कि ई-मेल पार्टी के करीब 250 बड़े नेताओं और जिम्मेदार पदाधिकारियों तक पहुंचाया गया है। अब शिकायत की कॉपी मीडिया तक पहुंचाने की कोशिश भी की जा रही है। यदि पूरा दस्तावेज सार्वजनिक होता है तो पार्टी के भीतर चल रही असंतुष्टि, गुटबाजी और नेतृत्व को लेकर सवाल खुलकर सामने आ सकते हैं।
‘भस्मासुर’ की उपमा ने बढ़ाई राजनीतिक गर्मी
शिकायत में प्रभारी के लिए ‘भस्मासुर’ शब्द का इस्तेमाल महज व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं, बल्कि संगठन की मौजूदा स्थिति पर राजनीतिक हमला माना जा रहा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जिस नेतृत्व को संगठन में नई ऊर्जा भरने और कार्यकर्ताओं को जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई, उसकी कार्यशैली पर अब गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। यह विवाद पार्टी के भीतर नेतृत्व की जवाबदेही और संगठनात्मक पारदर्शिता की बहस को भी हवा दे सकता है।
हाईकमान के सामने साख बचाने की चुनौती
अब सबसे बड़ा सवाल पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की भूमिका को लेकर है। क्या गोपनीय शिकायत में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी? क्या कथित UPI भुगतान और नकद लेनदेन की पड़ताल होगी? क्या प्रदेश प्रभारी से जवाब मांगा जाएगा? यदि आरोपों में सच्चाई सामने आती है तो इसका असर केवल संगठनात्मक व्यवस्था तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आगामी चुनावों में पार्टी की राजनीतिक साख और रणनीति पर भी पड़ सकता है।
सियासी गलियारों में बड़ा सवाल: क्या राजनीतिक दलों में विचारधारा और कार्यकर्ताओं की मेहनत से ज्यादा टिकट और पद की कथित कीमत महत्वपूर्ण होती जा रही है? जिस संगठन को जनता के बीच अपनी विश्वसनीयता मजबूत करनी है, उसके भीतर इस तरह के आरोप सामने आना निश्चित रूप से गंभीर चिंता का विषय है। फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित पक्षों का आधिकारिक जवाब और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही इस पूरे सियासी प्रकरण की वास्तविक तस्वीर साफ हो सकेगी।
