कलंकित होते रिश्ते,रिश्ते के भाई और भाभी पर मुकदमा दर्जा: ब्लैकमेलिंग,अश्लील बातचीत और बदनाम करने का गंभीर आरोप
आगरा:
सिकंदरा थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक विवाहित महिला ने अपने ही रिश्ते में लगने वाले भाई धर्मेंद्र गहलोत और उसकी पत्नी पूजा गहलोत पर ब्लैकमेल, अश्लील बातचीत, झूठे फोटो-वीडियो भेजकर बदनाम करने और पति से तलाक दिलाने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिश्ते का भाई फोन पर करता था अश्लील बातें
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका रिश्तेदार धर्मेंद्र गहलोत, जो उसी कॉलोनी में रहता है, कई महीनों से उसे फोन पर अश्लील बातें और अनुचित संदेश भेज रहा था। जब उसने इसका विरोध किया, तो धर्मेंद्र ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
आरोपी ने धमकी दी कि वह उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बनाकर उसके पति को भेज देगा, जिससे उसका वैवाहिक जीवन खत्म हो जाएगा। महिला ने यह भी बताया कि धर्मेंद्र ने पहले उसकी छोटी बहन का विवाह तुड़वाने की साजिश की थी, और अब वही साजिश उसके साथ रची जा रही है।
पति को गुमराह करने की कोशिश
पीड़िता के अनुसार, 28 अगस्त 2025 को धर्मेंद्र ने उसके पति को एक वीडियो कॉल का फर्जी स्क्रीनशॉट किसी अन्य पुरुष के साथ जोड़कर भेजा। इसके बाद उसके पति ने उस पर शक करना शुरू कर दिया और बातचीत बंद कर दी।
महिला का कहना है कि धर्मेंद्र की पत्नी पूजा गहलोत भी शिकायत की जानकारी मिलने पर उसके घर आई और गाली-गलौज व अभद्रता की।
इन सब घटनाओं के चलते महिला गहरे मानसिक तनाव में है और उसने बताया कि उसे आत्महत्या की आशंका तक सता रही है।
FIR दर्ज, जांच शुरू
पीड़िता की तहरीर पर थाना सिकंदरा में एफआईआर दर्ज की गई। आरोपी धर्मेंद्र गहलोत और उसकी पत्नी पूजा गहलोत के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
बताया गया है कि पीड़िता ने इससे पहले भी 26 सितंबर 2025 को थाना सिकंदरा में शिकायत दी थी, जिस पर कार्रवाई नहीं हुई थी।
