आगरा ब्रेकिंग: पड़ोसी युवक पर युवती से छेड़छाड़ और तेजाब डालने की धमकी का आरोप,: परिजनों से भी मारपीट
आगरा, उत्तर प्रदेश। ताजनगरी आगरा के छत्ता थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने पड़ोस में रहने वाली युवती से छेड़छाड़ करने के बाद उसके परिवार के साथ मारपीट की और शिकायत करने पर तेजाब डालने की धमकी दी।
जानकारी के मुताबिक, घटना 20 अक्टूबर 2025 को दोपहर करीब एक बजे बेलनगंज क्षेत्र में हुई। बताया गया है कि युवती के घर पर उस समय उसके माता-पिता नहीं थे, तभी पड़ोस में रहने वाला आदित्य उर्फ थोलू पुत्र मुकेश उर्फ लल्लू अपने दो से तीन साथियों के साथ पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए अश्लील हरकतें करने लगा।
जैसे ही युवती के माता-पिता घर लौटे और विरोध किया, तो आरोपियों ने युवती के पिता के साथ मारपीट की, जिससे उनके कान में चोट आई। वहीं, मां के साथ भी धक्का-मुक्की कर उन्हें अंदरूनी चोटें पहुंचाई गईं। इस दौरान आरोपी ने युवती के साथ अशोभनीय व्यवहार करते हुए सीने पर हाथ मारा।
परिवार के विरोध करने पर आरोपी आदित्य ने धमकी दी कि अगर पुलिस में शिकायत की, तो वह युवती पर तेजाब डाल देगा और पूरे परिवार को जान से मार देगा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आरोपी पहले भी युवती का कॉलेज जाते समय पीछा करता था, जिसको लेकर कई बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसने अपनी हरकतें नहीं रोकीं।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने थाने में शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
