आगरा : सात फुट की तंग गली में तेज रफ्तार में बाइक चलाने से मना करना 60 वर्षीय पप्पू माहौर को भारी पड़ गया। दबंगों ने उनके घर पर धावा बोल दिया और बेरहमी से पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी। बचाव में आए परिवार के अन्य सदस्यों और महिलाओं से भी मारपीट की गई।

मामला थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के लक्ष्मी नगर का है। मृतक के बेटे लेखराज माहौर ने बताया कि मोहल्ले का युवक पवन कुमार तेज रफ्तार में बाइक चला रहा था। पिता ने केवल धीमा चलाने के लिए टोका, जिस पर पवन भड़क गया और करीब 20-25 युवकों को बुला लाया। सभी ने मिलकर ईंट, पत्थर और डंडों से हमला कर दिया।

हमले में पप्पू माहौर के सिर पर ईंट लगने से गंभीर चोट आई। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लिया है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *