युवती का पीछा, शादी का दबाव और कट्टा दिखाकर रेप की धमकी: शादीशुदा युवक पर FIR दर्ज
आगरा। एक युवती के साथ दहशत और उत्पीड़न की कहानी ने हर किसी को झकझोर दिया है। सदर बाजार क्षेत्र में रहने वाली युवती ने आरोप लगाया है कि एक शादीशुदा युवक ने न सिर्फ उसका पीछा किया, बल्कि उसे शादी के लिए मजबूर किया, और इंकार करने पर रेप व हत्या की धमकी तक दे डाली। युवती का कहना है कि अब वह घर से बाहर निकलने तक से डरती है — उसका हर दिन डर, अपमान और असहायता के साए में गुजर रहा है।
पीड़िता का आरोप प्यार के नाम पर आतंक
पीड़ित युवती ने बताया कि उसकी दुकान ग्वालियर रोड की ओर स्थित है। वहां इटावा निवासी युवक ‘अरुण’ अक्सर खरीदारी के बहाने आता था। धीरे-धीरे उसने उसका मोबाइल नंबर कहीं से हासिल कर लिया और व्हाट्सएप पर लगातार मैसेज करने लगा।
जब युवती ने नंबर ब्लॉक कर दिया तो वह नए-नए नंबरों से संपर्क करने लगा और रास्ते में पीछा करने लगा। एक दिन आरोपी ने उसे रोककर कहा कि वह उससे शादी करना चाहता है। मना करने पर युवक ने धमकी दी कि “तेरा भाई अकेला है, पहले उसे मारूंगा, फिर तुझे गोली मार दूंगा और खुद को भी खत्म कर लूंगा।”
कट्टा दिखाकर दी धमकी, फिर बोला “तेरी औकात दिखा दूंगा”
पीड़िता ने बताया कि डर की वजह से वह लंबे समय तक चुप रही क्योंकि आरोपी दबंग प्रवृत्ति का है। उसने कई बार रास्ते में रोककर कट्टा दिखाया और डराने की कोशिश की। बाद में जब उसे पता चला कि अरुण शादीशुदा है और उसका एक बेटा भी है, तो वह अपने परिजनों के साथ उसके घर गई और परिजनों को सारी बात बताई।
लेकिन वहां आरोपी के घरवालों ने भी बदसलूकी की। लौटते वक्त अरुण ने उसे व्हाट्सएप कॉल पर धमकी दी “मैं अपनी बीवी को तलाक देकर तुझसे शादी करूंगा, अगर तूने बात आगे बढ़ाई तो तेरा रेप करके तेरी औकात दिखा दूंगा।”
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अरुण के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना सदर बाजार पुलिस का कहना है कि शिकायत के अनुसार मामले की गहन जांच की जा रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
