पालीवाल पार्क से पकड़ी गईं आरोपी महिलाएं, भरतपुर में ₹62 हजार में बेच दी थी चेन
आगरा (ब्यूरो)।कमिश्नरेट आगरा के थाना हरीपर्वत पुलिस ने एक महिला आरक्षी के गले की सोने की चेन चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए तीन महिला चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की रकम से खरीदे गए सोने जैसे दिखने वाले कुंडल और ₹5,920 नकद बरामद किए हैं।
यह मामला 31 अक्टूबर 2025 का है, जब जनपद कन्नौज में तैनात एक महिला कांस्टेबल छुट्टी पर आगरा आई थीं। वह बिजली घर चौराहे से भगवान टॉकीज जाने के लिए एक ऑटो में बैठीं, जिसमें तीन अन्य महिलाएं पहले से सवार थीं। भगवान टॉकीज पहुँचने पर उन्हें एहसास हुआ कि उनके गले की करीब 15 ग्राम की सोने की चेन गायब है।
भरतपुर जाकर बेच दी चेन
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार की गई तीनों महिलाएं राजस्थान निवासी हैं। घटना वाले दिन वे योजनाबद्ध तरीके से आगरा आईं और उसी ऑटो में बैठीं, जिसमें पीड़िता सवार हुई थीं। भगवान टॉकीज पहुँचने से पहले ही उन्होंने महिला आरक्षी की चेन काट ली और थोड़ी दूरी पर उतरकर दूसरी ऑटो से ईदगाह स्टेशन चली गईं।
वहाँ से तीनों ने ट्रेन पकड़कर भरतपुर पहुँचकर चेन को ₹62,000 में बेच दिया था। प्राप्त रकम से उन्होंने कान के कुंडल खरीदे और बाकी रकम आपस में बाँट ली थी।
पालीवाल पार्क से हुई गिरफ्तारी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि यह तीनों महिलाएं आगरा में फिर से आई हुई हैं। इस पर थाना हरीपर्वत पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए पालीवाल पार्क लाइब्रेरी के सामने से तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद जब उनके कब्जे की तलाशी ली गई तो ₹5,920 नकद और दो जोड़ी कान के कुंडल बरामद हुए।
पुलिस टीम को मिली सराहना
घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में —
प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक मोहित शर्मा, उपनिरीक्षक विशाल गुप्ता, उपनिरीक्षक सचिन मिश्रा, महिला उपनिरीक्षक पूनम त्यागी, महिला उपनिरीक्षक वैशाली, महिला कांस्टेबल प्रियंका यादव और कांस्टेबल देवेन्द्र कसाना शामिल रहे।