नौकरी लगाने के नाम पर सात लाख की ठगी, दंपति पर आरोप: न्यू आगरा थाना क्षेत्र में दर्ज हुआ गंभीर धोखाधड़ी का मामला
आगरा (कमिश्नरेट नगर): न्यू आगरा थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर सात लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित राजेश यादव, निवासी गायत्री विहार दयालबाग, ने आरोप लगाया कि एक दंपति ने नगर निगम और जल निगम में नौकरी लगवाने का झांसा देकर उनसे लाखों रुपये ले लिए। मामले में पीड़ित ने न्यायालय के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ठगी की शुरुआत कैसे हुई
राजेश यादव ने बताया कि उनकी मुलाकात गजेन्द्र और उसकी पत्नी अंशु से उर्मिला देवी की बुटीक दुकान पर हुई थी। दोनों अक्सर उनके घर आते-जाते थे, जिसके चलते उन पर विश्वास बढ़ गया। इसी दौरान दंपति ने दावा किया कि उनकी बड़े अधिकारियों से जान-पहचान है और वे राजेश के भाई, भतीजे और परिचितों की नगर निगम व जल निगम में नौकरी लगवा सकते हैं।
सात लाख रुपये लेकर दिया फर्जी नियुक्ति पत्र
विश्वास में लेकर आरोपियों ने अलग-अलग तारीखों में कुल सात लाख रुपये लिए। इसमें दो लाख रुपये नकद और पांच लाख रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर कराए गए। नौकरी पक्की बताने के लिए बबलू कुन्तल नाम के व्यक्ति के नाम से जल निगम, लखनऊ का एक नियुक्ति पत्र भी दिया गया। जब वह फिरोजाबाद जल निगम कार्यालय पहुंचा तो पता चला कि नियुक्ति पत्र पूरी तरह फर्जी है।
चेक बाउंस और धमकी के आरोप
पैसे वापस मांगने पर आरोपियों ने राजेश यादव को दो चेक और उनके परिचित भानू प्रताप बघेल को एक चेक दिया, लेकिन तीनों चेक बाउंस हो गए। इसके बाद जब पीड़ित ने रकम वापस मांगने का दबाव बनाया तो गजेन्द्र और अंशु ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। शिकायत सामने आने के बाद दंपति कमला नगर में अपना किराए का मकान खाली कर फरार हो गए।
पुलिस की जांच जारी
न्यू आगरा पुलिस ने दंपति के खिलाफ मामला दर्ज कर को जांच शुरू कर दी है।
