मेरी मौत के जिम्मेदार भाई राकेश और भाभी उमा": फेसबुक पर video बनाकर युवक ने की आत्महत्या
आगरा। थाना शाहगंज क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है। मृतक के ससुर कमल सिंह द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना शाहगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवार का आरोप है कि युवक ने अपनी मौत से पहले फेसबुक पर वीडियो पोस्ट कर आत्महत्या के लिए अपने बड़े भाई राकेश और भाभी उमा को जिम्मेदार बताया था।
कमल सिंह निवासी भगवती आशियाना, जगदीशपुरा ने बताया कि उनकी बेटी रजनी उर्फ मधु की शादी 2 नवंबर 2025 को लक्ष्मण सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद ही राकेश और उमा ने दंपति के साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार शुरू कर दिया। परिजनों के अनुसार दोनों आरोपित संपत्ति हड़पने की नीयत से दंपति को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। गाली-गलौज, ताने और घर से निकाल देने जैसी बातें अक्सर होती थीं।
लक्ष्मण और राकेश संजय प्लेस स्थित होर्डिंग एवं प्लैक्स प्रिंटिंग की दुकान साथ संचालित करते थे, लेकिन 19 नवंबर को विवाद के बाद राकेश ने लक्ष्मण को दुकान से निकाल दिया। तनाव बढ़ने पर राकेश और उमा कथित रूप से लक्ष्मण से कहते थे “इतनी परेशानी है तो जाकर मर क्यों नहीं जाता।”
22 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे लक्ष्मण घर से निकला और करीब 11 बजे उसकी पत्नी के मोबाइल पर फेसबुक स्क्रॉल करते समय लक्ष्मण का भावुक वीडियो दिखाई दिया, जिसमें उसने जीवन समाप्त करने की बात कही और अपनी मौत के लिए राकेश व उमा को जिम्मेदार ठहराया।
परिजनों द्वारा लगातार कॉल करने पर लक्ष्मण का फोन तोरा चौकी पुलिस ने उठाया और बताया कि युवक की पानी में डूबने से मृत्यु हो चुकी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर विधिक कार्रवाई की।
कमल सिंह की तहरीर पर थाना शाहगंज पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
