अपराध

पुलिस ने सट्टा खाई–बाड़ी का खेल पकड़ा, नकदी व मशीन बरामद: दो सट्टेबाज मौके से गिरफ्तार

0
IMG-20251206-WA0038

आगरा ।कमला नगर थाना पुलिस ने लोहिया नगर क्षेत्र में चल रही सट्टा खाई–बाड़ी का भंडाफोड़ किया है। शुक्रवार शाम मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना पुलिस टीम ने चुन्नी लाल स्कूल के पास स्थित एक मकान पर दबिश दी। कमरे के भीतर कुछ लोग सट्टे का खेल संचालित कर रहे थे, जिन्हें देखकर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की।

मकान में प्रवेश करते ही पुलिस को दो युवक मेज लगाकर रकम और नंबर के आधार पर खाई–बाड़ी करते मिले। दोनों को पुलिस ने मौके से पकड़ लिया, जबकि दो अन्य युवक अंधेरे और आसपास की छतों का फायदा उठाकर फरार हो गए।

गिरफ्तार युवकों की पहचान शिवम निवासी राधा नगर और भारत कुमार निवासी लोहिया नगर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे प्रवीण उर्फ हप्पू और अनूप के निर्देश पर सट्टा चलाते हैं। दोनों मुख्य आरोपी पुलिस के पहुंचते ही भाग निकले।

पुलिस को कमरे से 4620 रुपये नकद, काले रंग की एक कम्प्यूटराइज मशीन, दो मोबाइल फोन, दो डायरी और सट्टे की पर्चियां मिली हैं। डायरी में खाई–बाड़ी का पूरा हिसाब दर्ज है। मोबाइल फोन की गैलरी में भी सट्टेबाजी से जुड़ी पर्चियों के फोटो मिले हैं, जिससे पुलिस को गतिविधि की पुष्टि हुई।

थाना पुलिस ने बरामद सामग्री को सील कर आवश्यक कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। फरार दोनों युवकों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed